MP-CG News Updates: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हाल ही में आए विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद दोनों राज्यों के सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है. हालांकि, अभी तक मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर दोनों ही राज्यों में सस्पेंस बरकरार है. वहीं दूसरी ओर कुछ नेताओं के नाम को लेकर भी काफी चर्चा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि इन्हीं नेताओं में से किसी को मुख्यमंत्री की कुर्सी मिल सकती है.
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए भी बिगुल फूंक दिया है. उन्होंने को बुधवार को छिंदवाड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए लाडली बहनाओं का आभार व्यक्त किया और इसके साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया. शिवराज ने छिंदवाड़ा में हारी हुई सीटों पर मंथन भी किया. छिंदवाड़ा में शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा चुनाव के लिए "मिशन 29" लांच किया. आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में 29 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें जीत दर्ज करने के लिए सीएम शिवराज ने मिशन शुरू किया है.
यह भी पढ़ें : मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में बदले जाएंगे कांग्रेस अध्यक्ष, रेस में है ये नाम
इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि जब-जब धर्म की हानि होगी, अधर्म बढ़ेगा, पाप और अनाचार बढ़ेगा, तब-तब धर्म की रक्षा के लिए, अधर्म के नाश के लिए, सज्जनों के उद्धार के लिए और दुष्टों के संहार के लिए मैं बार-बार इस धरती पर अवतार लूंगा. इसके साथ ही सीएम शिवराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि आज मैं हृदय से कह रहा हूं कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए ही परमात्मा की इच्छा से नरेंद्र मोदी का इस धरती पर आगमन हुआ है.
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Election Result: हार के बाद कल दिल्ली में होगी कांग्रेस की समीक्षा बैठक, बघेल और बैज भी पेश करेंगे रिपोर्ट
वहीं, छत्तीसगढ़ में भी सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री पद को लेकर हलचल तेज है. एक ओर मुख्यमंत्री पद के लिए नए नामों की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर ये भी कहा जा रहा कि पुराने नामों को भी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. जिसको लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है.