Surajpur Double Murder : पहले मां का कत्ल, फिर बेटे को जंगल में दफनाया, 70 CCTV से पकड़ाया आरोपी
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में मां-बेटे की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 13 दिनों बाद खुलासा किया। 10 अक्टूबर 2026 को कालीघाट इलाके की कोरियाबारी नर्सरी के पास मिट्टी में दबे 12वीं के छात्र सुजल बरेट का शव मिला था। जाँच के दौरान पुलिस जब उसके घर पहुँची तो वहाँ ताला लगा मिला। रिश्तेदारों की मौजूदगी में घर खुलवाया गया तो वॉशरूम में उसकी माँ रजनी बरेट का शव मिला।
पुलिस के मुताबिक, रजनी सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं। आरोपी प्रवेश कुमार की पत्नी भी उसी स्कूल में काम करती थी। इसी जान-पहचान के कारण प्रवेश का रजनी के घर आना-जाना था।
जांच में सामने आया कि प्रवेश कुमार मोटर पार्ट्स के कारोबार में हुए नुकसान के कारण करीब 20 लाख रुपये के कर्ज में था। उसे पता चला था कि रजनी का करीब 19 लाख रुपये का होम लोन मंजूर हुआ है। पुलिस के अनुसार, इसी रकम के लालच में उसने वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि 9 अक्टूबर को उसने रजनी के घर की रेकी की। इसके बाद रजनी से पैसे माँगे और इनकार करने पर उनकी हत्या कर दी। फिर सुजल को पार्टी और बाहर घूमने का बहाना देकर कार में बैठाया और जंगल ले जाकर उसकी भी हत्या कर दी। उसके शव को कालीघाट के जंगल में मिट्टी में दबा दिया।
पुलिस ने करीब 60 से 70 CCTV कैमरों की फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल टावर डंप की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। कार वॉशिंग सेंटर की फुटेज और गाड़ी के नंबर से प्रवेश कुमार की पहचान हुई। पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सामान, मोबाइल फोन, गहने, बैंकिंग दस्तावेज और कार सहित कई सबूत बरामद किए। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
#surajpur #surajpurmurdercase #doublemurder #chhattisgarhnews #crimenews #motherandson #murdermystery #cctvfootage #surajpurpolice #crimeinvestigation #breakingnews #crimeupdate
ndtv_news