विज्ञापन
This Article is From Jan 03, 2026

PM Awas Yojana: प्रधानमंत्री आवास के पक्के मकान मालिकों को राजस्व विभाग का नोटिस, जानें क्या है मामला?

रायसेन जिले की पंचायत समनापुर जागीर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 13 पक्के मकानों पर राजस्व विभाग ने नोटिस जारी किए हैं. बताया गया है कि यह भूमि उद्योग विभाग की है, इससे इन घरों में रह रहे लोगों पर बेघर होने का खतरा मडरा रहा है.  

PM Awas Yojana: प्रधानमंत्री आवास के पक्के मकान मालिकों को राजस्व विभाग का नोटिस, जानें क्या है मामला?
PM Awas Yojana: राजस्व विभाग का नोटिस लेकर बैठी महिलाएं.

रायसेन जिले की बाड़ी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत समनापुर जागीर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने वाले 13 गरीब परिवार आज बेघर होने की कगार पर खड़े हैं. सरकार ने जिन गरीबों को कच्ची झोपड़ियों से निकालकर पक्की छत देने का सपना दिखाया था, आज वही परिवार राजस्व विभाग के नोटिस हाथ में लेकर दर-दर भटकने को मजबूर हैं.

मामला यह है कि ग्राम पंचायत समनापुर जागीर के 13 गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान स्वीकृत किए गए. योजना के अनुसार मकान बने और परिवारों ने वहीं रहकर अपना जीवन-यापन शुरू कर दिया. लेकिन अब इन्हीं पक्के मकानों को अतिक्रमण बताते हुए राजस्व विभाग ने उन्हें तोड़ने के नोटिस जारी कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब ग्राम पंचायत ने योजना का लाभ दिया और मकान बनवाए गए, तब राजस्व विभाग, सरपंच और सचिव की जिम्मेदारी कहां थी. मकान बन जाने के बाद अब गरीब परिवारों को बताया जा रहा है कि जिस भूमि पर ये मकान बने हैं, वह उद्योग विभाग की भूमि है.

PM Awas Yojana: राजस्व विभाग का नोटिस लेकर बैठी महिलाएं.

PM Awas Yojana: राजस्व विभाग का नोटिस लेकर बैठी महिलाएं.

40 वर्षों से भूमि पर निवास  

ग्राम पंचायत समनापुर जागीर में रहने वाले ये गरीब परिवार करीब 40 वर्षों से उसी भूमि पर निवास कर रहे थे. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें पक्के मकान बनाए गए. अब राजस्व विभाग ने इसे उद्योग विभाग की भूमि, खसरा नंबर 93/1/1, रकबा 6.102 हेक्टेयर बताते हुए अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी कर दिए हैं. नोटिस में वर्ष 2022–23 की बेदखली कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है.

 योजना के तहत यहीं मकान क्यों बनवाए गए 

सवाल यह है कि यदि भूमि उद्योग विभाग की थी, तो फिर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत यहीं मकान क्यों बनवाए गए. आज हालात यह हैं कि जिन गरीबों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर पक्का मकान मिला, वही परिवार कलेक्टर कार्यालय से लेकर अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं. पीड़ित परिवारों का कहना है, सरकार ने हमें घर दिया, अब वही घर हमसे छीना जा रहा है. हमने कोई गलत काम नहीं किया, फिर हमारे पेट पर लात क्यों मारी जा रही है.

35 लाख का लोन चुकाने के लिए पति ने पत्नी के मर्डर का किया प्रयास, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com