मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में ई-रिक्शा चलाने वाली एक युवती ने ढाई लाख रुपये में खरीदे अपने ई-रिक्शा को बीच बाजार पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया. यह घटना ई-रिक्शा में लगातार आ रही खराबी और कंपनी व शोरूम एजेंसी द्वारा समाधान न किए जाने से नाराज होकर की गई. ई-रिक्शा में आग लगाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया गया है.
चार महीने से खराब, एजेंसी के चक्कर लगाती रही महिला
शिवपुरी की फक्कड़ कॉलोनी निवासी गुड़िया माहौर ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं. वह और उनके पति नारायण माहौर पहले मजदूरी करते थे. करीब छह महीने पहले उन्होंने 2 लाख 30 हजार रुपये में एक ई-रिक्शा फाइनेंस पर खरीदा था. उद्देश्य बच्चों की परवरिश के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करना और रोजाना की मजदूरी से बचना था.
एजेंसी के सामने ही ई-रिक्शा को किया आग के हवाले
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में होटल पीएस के पास स्थित मां पीतांबरा ऑटो मोबाइल्स एजेंसी के सामने हुई. महिला ने इसी एजेंसी से खरीदे गए अपने ई-रिक्शा को बार-बार सुधारने की फरियाद की, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो नाराज होकर उसने पेट्रोल डालकर ई-रिक्शा में आग लगा दी.
ढाई लाख के ई-रिक्शा में बार-बार आ रही खराबी से नाराज युवती ने पेट्रोल डालकर सरेआम लगा दी आग, घटना शिवपुरी मध्य प्रदेश की. #Shivpuri #MadhyaPradesh pic.twitter.com/V2V7ITBQLk
— Vishwanath Saini 🇮🇳 (@SainiVishwanath) February 6, 2026
शोरूम मैनेजर का पक्ष
मामले को लेकर ई-रिक्शा शोरूम के मैनेजर ने बताया कि कंपनी बैटरी रिप्लेस करने की सुविधा नहीं देती. ई-रिक्शा में अन्य कोई तकनीकी खराबी नहीं है, सिर्फ बैटरी में दिक्कत है. मैनेजर के अनुसार महिला के ई-रिक्शा की बैटरी फट गई थी और फटी हुई बैटरी को बदलने का कोई प्रावधान कंपनी की ओर से नहीं है. इस संबंध में कंपनी से संपर्क किया गया था, लेकिन कंपनी ने बैटरी रिप्लेस करने से मना कर दिया.
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा ई-रिक्शा को थाने ले गई. पुलिस ने शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे मामले की वास्तविकता जानने की कोशिश कर रही है.