विज्ञापन

प्रिंस कुमार: MP से सोने लूटने वाले का ब‍िहार में एनकाउंटर, कोर्ट परिसर में कर डाला था कांस्‍टेबल का मर्डर

वैशाली में STF और पुलिस की मुठभेड़ में 2 लाख का इनामी बदमाश प्रिंस कुमार मारा गया. वह सुबोध सिंह गैंग का शार्प शूटर था और उस पर 28 से ज्यादा केस दर्ज थे. एक सहयोगी गिरफ्तार हुआ है और हथियार बरामद किए गए हैं.

प्रिंस कुमार: MP से सोने लूटने वाले का ब‍िहार में एनकाउंटर, कोर्ट परिसर में कर डाला था कांस्‍टेबल का मर्डर

बिहार STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को 2 लाख रुपये का इनामी कुख्यात बदमाश प्रिंस कुमार उर्फ अभिजीत कुमार मुठभेड़ में मारा गया. यह वही अपराधी था, जिसका नाम मध्य प्रदेश के कटनी में हुए चर्चित गोल्ड लूट कांड (2022) में भी सामने आया था. वैशाली जिले में हुई इस एनकाउंटर कार्रवाई में उसका एक साथी गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है. 

न्‍यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार STF और वैशाली पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस कुमार सदर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर दिग्घी इलाके में एक घर में छिपा हुआ है. इसके बाद संयुक्त टीम ने छापेमारी की. छापे के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

SP ने की मुठभेड़ की पुष्टि

वैशाली के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान प्रिंस कुमार उर्फ अभिजीत कुमार, निवासी हुसैना गांव, गोरौल थाना क्षेत्र के रूप में हुई है. कार्रवाई के दौरान प्रिंस कुमार का एक साथी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया. उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं.

सबोध सिंह गैंग का शार्प शूटर था प्रिंस, पुलिसकर्मी की हत्या से चर्चा में आया

प्रिंस कुमार, बिहार के कुख्यात अपराधी सुबोध सिंह का करीबी और शार्प शूटर था. उस पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे. वह कई वर्षों से फरार चल रहा था. साल 2018 में हाजीपुर सिविल कोर्ट परिसर में एक पुलिसकर्मी की हत्या के बाद प्रिंस कुमार सुर्खियों में आया था. बाद में गिरफ्तारी हुई और उसे बेउर जेल भेजा गया.

इलाज के बहाने PMCH लाए जाने के दौरान उसने पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी खिलाकर कमरे में बंद किया और फरार हो गया था. इसके बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था.

घर पर चिपकाया गया था इश्तेहार

हाल ही में वैशाली पुलिस ने उसके हुसैना गांव स्थित घर पर इश्तेहार चस्पा किया था, लेकिन उसने आत्मसमर्पण नहीं किया. इसके बाद बिहार सरकार ने उसकी गिरफ्तारी पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.

कई राज्यों में सोना लूट कांडों में शामिल

सुबोध सिंह गैंग देशभर में हुए कई बड़े गोल्ड लूट मामलों में शामिल रहा है, जिनमें आसनसोल (2017), हाजीपुर (2019), उदयपुर (2022), कटनी, मध्य प्रदेश (2022), देहरादून (2023) शामिल हैं. प्रिंस कुमार पर कुल 28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे. पुलिस के अनुसार गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी.
 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close