विज्ञापन
This Article is From Dec 13, 2023

कुएं में छिपाए लाखों के गहने, कब्रिस्तान में गाड़े पैसे... फिर भी नहीं बच पाए चोर, पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपियों की सोच थी कि कुएं में और जमीन में गाड़ने से माल बरामद नहीं हो सकेगा लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सारी जानकारी पुलिस को दे दी और दोनों जगहों से माल बरामद कर लिया गया.

कुएं में छिपाए लाखों के गहने, कब्रिस्तान में गाड़े पैसे... फिर भी नहीं बच पाए चोर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
उज्जैन में पुलिस ने कुएं से बरामद किए गहने

Ujjain News: उज्जैन के पास खाचरोद तहसील में आठ दिन पहले चार चोरों ने सूने घर से लाखों का माल उड़ाया था. चोरों ने पुलिस (Police) से माल को बचाने के लिए कुछ गहने 60 फीट गहरे कुएं में छिपा दिए थे और नगद राशि कब्रिस्तान में गाड़ दी थी. मामले में आरोपियों के पकड़ने के बाद पुलिस ने माल तो बरामद किया ही, साथ ही एक खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया. बुधवार रात को पूरे मामले का खुलासा किया गया.

उज्जैन से करीब 70 किमी दूर खाचरोद के गुरुनानक मार्ग निवासी विजय सहगल 5 दिसंबर को परिवार सहित उदयपुर एक शादी में गए थे. सुना घर देखकर चोरों ने धावा बोला और ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपए के सोने, चांदी के गहने और डेढ़ लाख रुपए नगद उड़ा दिए. घटना की अगले दिन विजय द्वारा रिपोर्ट करने पर पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि वारदात को खाचरोद के ही शेर खान, वासिम हुसैन, मोसिन खान, साजिद उर्फ़ गुड्डू ने अंजाम दिया है. 

यह भी पढ़ें : जनता ने बड़बोलों का बैंड बजाकर उन्हें विदा कर दिया... छिंदवाड़ा में कमलनाथ, नकुलनाथ की रैली

कुएं से पानी निकालकर बरामद किए गहने

पुलिस ने साइबर सेल की मदद से खोजबीन कर चारों को पकड़ा. पता चला कि उन्होंने गहने ग्राम भाट खेड़ी के कुएं में छिपाए हैं और नगदी कब्रिस्तान में दफना दी है. जानकारी पर पुलिस ने 60 फीट गहरे कुएं में तीन मोटर लगाकर 40 फीट पानी खाली किया और फिर गहने बरामद किए. साथ ही कब्रिस्तान से भी गड़े हुए नोट निकाल लिए. मामले में पुलिस ने खरीदार बबलू शेख नामक एक युवक को भी पकड़ा है. पांचों को पुलिस गुरूवार को कोर्ट में पेश करेगी.

यह भी पढ़ें : आगर मालवा: जिले की सौगात देकर CM शिवराज बस गए दिलों में, मुख्यमंत्री रहते हुए पूरे किए ये वादे 

चकमा देने के लिए बदल रहे थे मोबाइल

एएसपी नीतीश भार्गव ने बताया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार मोबाइल बदल रहे थे लेकिन साइबर सेल की मदद से लोकेशन मिलने पर उन्हें उदयपुर से पकड़ लिया गया. आरोपियों की सोच थी कि कुएं में और जमीन में गाड़ने से माल बरामद नहीं हो सकेगा लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सारी जानकारी पुलिस को दे दी और दोनों जगहों से माल बरामद कर लिया गया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com