विज्ञापन

शराब पर नहीं दिया डिस्काउंट तो मार दी थी गोली, भिंड पुलिस ने नाबालिग समेत दो आरोपी दबोचे, एक फरार

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक शराब की दुकान पर डिस्काउंट को लेकर हुए विवाद में सेल्समैन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने दुकान पर आकर सेल्समैन से विवाद किया और फिर गोली मार दी

शराब पर नहीं दिया डिस्काउंट तो मार दी थी गोली, भिंड पुलिस ने नाबालिग समेत दो आरोपी दबोचे, एक फरार

भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव स्थित भगवान ग्रुप अंग्रेजी शराब दुकान पर डिस्काउंट में शराब नहीं देने पर सेल्समैन को गोली मारकर हत्या के प्रयास का मामला सामने आया था. इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने तीन दिन की मशक्कत के बाद एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी जब्त कर ली है.

हालांकि, घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में भूरे उर्फ प्रशांत भदौरिया और अर्पित कांकर शामिल हैं. दोनों को अटेर की शाला के पास से पकड़ा गया. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है.

डिस्काउंट को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, यह घटना 1 दिसंबर की रात की है। तीन युवक प्रतापपुरा गांव स्थित अंग्रेजी शराब दुकान पर पहुंचे थे. युवकों ने शराब खरीदने के दौरान डिस्काउंट की मांग की. जब दुकान पर मौजूद सेल्समैन रविंद्र यादव ने नियमों के तहत डिस्काउंट देने से मना किया तो युवक भड़क गए. इसके बाद उन्होंने दुकान पर गाली-गलौज शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि बदमाशों की हरकतों को देखकर सेल्समैन रविंद्र यादव ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया. वीडियो बनते देख आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गए. इसी दौरान आरोपियों ने शराब की बोतल के 700 रुपये की जगह 1400 रुपये देकर सेल्समैन को चैलेंज किया और धमकी देते हुए वहां से चले गए.

अगले दिन लौटकर किया हमला

चैलेंज के दूसरे दिन आरोपी फिर से शराब ठेके पर पहुंचे. दुकान में घुसते ही आरोपियों ने विवाद बढ़ाया और अचानक एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर सेल्समैन रविंद्र यादव पर गोली चला दी. गोली उसके हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली लगते ही सेल्समैन जान बचाकर दुकान से बाहर भागा. आरोपियों ने भागते समय दूसरी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन कारतूस मिस हो गया.

इसी कारण सेल्समैन की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया. घायल सेल्समैन को जिला अस्पताल में कराया भर्ती. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सेल्समैन को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने घायल की हालत गंभीर बताई थी, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई.

तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने लगातार दबिश देते हुए तीन दिन बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है.

एक आरोपी अब भी फरार

पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी भी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी घटना के दौरान किस वाहन से आए थे और उनके पास हथियार कहां से आया.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close