Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के कटनी के एनकेजे यार्ड में एक मालगाड़ी का एक डिब्बा बेपटरी होने का मामला सामने आया है. मामले की जानकारी लगते ही रेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और तकनीकी और रिकवरी ऑपरेशन में जुट गया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बेपटरी मालगाड़ी के डिब्बे को पटरी में लाया गया.
रेल्वे अधिकारी की मानें तो घटना उस समय हुई जब स्टिंग कार्य के लिए 7 डिब्बों की मालगाड़ी को यार्ड में खड़ा कर सैटिंग के लिए ले जाया जा रहा था, इसी दौरान मालगाड़ी का एक खाली डिब्बा पटरी से उतर गया, जिससे रेल महकमे में हड़कंप मच गया.
कटनी एरिया मैनेजर के निर्देशन में करीब 60 रेल कर्मियों और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य में जुट गई. तकनीकी टीम ने पूरी सावधानी के साथ रिकवरी ऑपरेशन शुरू किया, ताकि किसी भी प्रकार का बड़ा नुकसान या रेल यातायात में बाधा उत्पन्न न हो.
सुधार कार्य हो गया है
घटना पर एनकेजे सीसीआर शैलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मालगाड़ी के खाली डिब्बे के डी-रेल होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही तत्काल रेल कर्मियों की टुकड़ी को मौके पर भेजा गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार कार्य शुरू किया गया. उन्होंने बताया कि लगभग 2 घंटे के भीतर डिब्बे को सफलतापूर्वक पटरी पर चढ़ा लिया गया और मालगाड़ी को रवाना किया जा रहा है.
टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि इस घटना के दौरान किसी भी रेल मार्ग पर यातायात बाधित नहीं हुआ और न ही किसी प्रकार की जनहानि की सूचना है. रेलवे प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.फिलहाल मौके पर अंतिम तकनीकी जांच और आवश्यक कार्य जारी है. रेल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
ये भी पढ़ें CISF जवान की हत्या के मुख्य आरोपी की पुलिस कस्टडी में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज