विज्ञापन

सिर कटी महिला के अंधे कत्ल का खुलासा, दूसरा पति निकला आरोपी; तीसरे पति ने टैटू से पहचाना; J&K में रची थी साजिश

Husband Kill Woman in Bhind: भिंड जिले में सिर कटी महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. मृतका की पहचान रूबी पासवान के रूप में हुई, जिसकी हत्या उसके दूसरे पति होतम सिंह कुशवाह ने की थी.

सिर कटी महिला के अंधे कत्ल का खुलासा, दूसरा पति निकला आरोपी; तीसरे पति ने टैटू से पहचाना; J&K में रची थी साजिश

भिंड जिले में सिर कटी महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. यह सनसनीखेज मामला 2 फरवरी को सामने आया था, जब मौ थाना क्षेत्र के बेहट रोड पर पुलिस को एक महिला का सिर कटा धड़ मिला था. बिना सिर के शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस के लिए पहचान करना बड़ी चुनौती बन गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, लगातार पूछताछ और सोशल मीडिया पर वायरल किए गए फोटो-वीडियो के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर दिया. जांच में सामने आया कि मृतका का दूसरा पति ही इस हत्या का मास्टरमाइंड निकला. आरोपी पति पत्नी की तीसरी शादी से नाराज था और “इज्जत” के नाम पर उसने पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली.

Latest and Breaking News on NDTV

2 फरवरी को बेहट रोड पर मिला था सिर कटा धड़, फैली थी सनसनी

2 फरवरी को मौ थाना क्षेत्र के बेहट रोड पर सड़क किनारे एक महिला का धड़ पड़ा मिला था. शव का सिर गायब था और धड़ से खून बह चुका था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
सिर कटा शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. लोग भयभीत हो गए थे और इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया.

डीआईजी असित यादव ने रखा था 10 हजार का इनाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी असित यादव ने अंधे कत्ल के खुलासे के लिए 10 हजार रुपये इनाम की घोषणा की थी. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन मृतका का सिर बरामद नहीं हो सका था.

हाथ पर गुदे शब्द बने पहचान की सबसे बड़ी कड़ी

पुलिस को शव की पहचान में एक अहम सुराग मिला. मृतका के दाहिने हाथ पर “HR” और बाएं हाथ पर “HOTAM” शब्द गुदे हुए थे. पुलिस ने शव के हाथों के फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए. यह फोटो-वीडियो इंस्टाग्राम पर भिंड, ग्वालियर, मुरैना, दतिया, शिवपुरी सहित बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर तक वायरल किया गया. यही वायरल पोस्ट महिला की पहचान का सबसे बड़ा आधार साबित हुई.

तीसरे पति लवकुश ने की पहचान, मृतका रूबी पासवान निकली

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद दतिया निवासी लवकुश कुशवाह पुलिस के सामने आया और महिला की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की. पुलिस जांच में मृतका की पहचान मौ थाना क्षेत्र के झांकरी गांव निवासी रूबी पासवान के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले में जांच तेज कर दी.

रूबी की तीन शादियां, तीसरी शादी बनी हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि रूबी पासवान की पहली शादी हो चुकी थी, लेकिन पहले पति की मौत हो गई थी. इसके बाद रूबी ने गोहद के झांकरी निवासी होतम सिंह कुशवाह से दूसरी शादी की. रूबी के पहले पति से 6 साल का बेटा और दूसरे पति से 3 साल का बेटा है. इसके बाद रूबी का दतिया के मंगरोल गुमानपुरा निवासी अपने दूर के रिश्तेदार लवकुश कुशवाह से करीब 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. रूबी ने करीब छह माह पहले सेवढ़ा के मंदिर में लवकुश के साथ तीसरी शादी कर ली थी.
इसी बात से दूसरा पति होतम नाराज था और उसने पत्नी की हत्या का फैसला कर लिया.

जम्मू-कश्मीर में रची गई थी हत्या की साजिश

आरोपी होतम सिंह कुशवाह जम्मू-कश्मीर में पानीपुरी बेचने का काम करता है. 18 जनवरी को रूबी अपने दोनों बच्चों को लेने जम्मू-कश्मीर होतम के पास पहुंची थी. पुलिस के मुताबिक वहीं पर होतम ने पत्नी की हत्या की साजिश रच ली. पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या की साजिश में चार लोग शामिल थे, जिनमें होतम सिंह कुशवाह (दूसरा पति), राजकुमार कुशवाह (भाई), छोटू कुशवाह, नीरज धानुक (दोस्त) छोटू कुशवाह ने अपने दोस्त नीरज धानुक को भी हत्या की योजना में शामिल किया था.

27 जनवरी को होतम ने जम्मू कश्मीर से रूबी के तीसरे पति लवकुश को फोन कर रूबी को अकेले ट्रेन से भिंड भेजने को बोला और कि उसे रेलवे स्टेशन से रिसीव कर लेना. इसके बाद योजना के मुताबिक होतम, राजकुमार और छोटू किराए की कार से भिंड पहुंचे और रूबी को लेकर आगे बढ़े.

बेहट गांव के पास गला रेतकर की हत्या, सिर नदी में फेंका

1 फरवरी को चारों आरोपी मौ से बेहट गांव के बीच रास्ते में कार छोड़कर रूबी को पैदल गांव की तरफ ले गए. रास्ते में आरोपियों ने रूबी की गर्दन रेतकर उसकी निर्मम हत्या कर दी और सिर धड़ से अलग कर दिया. धड़ को वहीं छोड़ दिया गया, जबकि कटा सिर कंबल में लपेटकर आरोपी अपने साथ ले गए. पुलिस के मुताबिक पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने सिर को बरासो थाना क्षेत्र की बेसली नदी में फेंक दिया.

कड़ाई से पूछताछ में टूटा होतम, कबूल किया अपराध

पुलिस ने जब होतम से पूछताछ की तो उसने खुद को बेगुनाह बताया, लेकिन बच्चों से अलग करके कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की सच्चाई उगल दी. इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.

ये भी पढ़ें- कांग्रेस विधायक ने विजयवर्गीय को बताया कुत्तों का प्रभारी, मध्य प्रदेश विधानसभा में जमकर हंगामा; BJP MLA बोले- अब आतंकवादी...

चारों आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर भेजे जेल

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी रघुवीर राणा ने बताया कि यह मामला बेहद जटिल था, क्योंकि शव बिना सिर के था और पहचान कर पाना चुनौतीपूर्ण था. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल फोटो निर्णायक साबित हुआ.

पुलिस अब भी बेसली नदी में तलाश रही सिर

एसडीओपी वास्कले के अनुसार तकनीकी साक्ष्य और लगातार पूछताछ के आधार पर अंधे कत्ल का खुलासा किया गया है. पुलिस अभी भी बेसली नदी में मृतका के सिर की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं.
 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close