Maihar Murder Case: मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत पपरा पहाड़ में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की हत्या (Murder Case) और उसके बाद शव जलाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सुबह ग्रामीणों ने पहाड़ी क्षेत्र में एक अर्धजला शव देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई. ताला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका की पहचान सोमवती गुप्ता (56) निवासी ताला बाजार टोला के रूप में की गई. सोमवती अविवाहित थीं और मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के साथ‑साथ मुख‑बधिर भी बताई गई हैं. परिजनों के अनुसार वह अक्सर घर से निकलकर आसपास के क्षेत्रों में घूमने चली जाती थीं.

Maihar Murder Case: घटना स्थल पर पुलिस की टीम
पत्थर से हमला कर की गई हत्या, फिर 50 मीटर दूर ले जाकर जलाया शव
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति ने सोमवती पर पत्थर से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां से खून से सना बड़ा पत्थर भी बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी शव को करीब 50 मीटर दूर ले गया और पहचान छिपाने की नीयत से आग लगा दी. शव लगभग आधा जल चुका था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था. पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने में काफी क्रूरता बरती गई है और यह स्पष्ट तौर पर हत्या का मामला है.
15 फरवरी से लापता थी महिला, परिजनों ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
परिजनों ने बताया कि सोमवती 15 फरवरी की सुबह घर से निकली थीं लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटीं. देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने ताला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस उसी आधार पर उनकी तलाश में जुटी थी, इसी बीच पहाड़ में शव मिलने की सूचना आई. परिजनों को मौके पर बुलाया गया, जहां कपड़ों और शरीर के कुछ हिस्सों के आधार पर पहचान की पुष्टि की गई.
अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस, पुलिस कई कोणों से जांच में जुटी
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. ताला थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने अभी तक किसी पर शक जाहिर नहीं किया है, इसलिए हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. तकनीकी पहलुओं जैसे मोबाइल लोकेशन, बीट गश्त रूट, और इलाके में सक्रिय संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच की जा रही है. आसपास के गांवों में पूछताछ भी तेज कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है. वहीं क्षेत्र में तनाव जैसी कोई स्थिति नहीं है और कानून व्यवस्था सामान्य बताई गई है.
यह भी पढ़ें : Gehu Kharidi MP 2026: समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए हो जाएं तैयार; पंजीयन कब, कैसे और कहां करें जानिए
यह भी पढ़ें : Holi Special Train 2026: होली पर यात्रियों को राहत; 1410 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी; MP-CG के यात्रियों को भी फायदा
यह भी पढ़ें : Superstition: जादू-टोने के शक में बेगुनाह महिला की मौत; अंधविश्वास के चलते कर दिया दोस्त की मां का मर्डर
यह भी पढ़ें : Waste To Energy: जबलपुर का कचरा अब बचा रहा पैसा; वेस्ट‑टू‑एनर्जी प्लांट से 11.5 मेगावाट बिजली उत्पादन