Bhopal Murder Suicide Case: भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र में एक खौफनाक घटना सामने आई है. यहां किराएदार ने मकान मालकिन की हत्या कर खुदकुशी कर ली. हैरानी की बात यह है कि आरोपी 15 साल पहले अपने ही तीन बच्चों की हत्या के मामले में सजा काटकर लौटा था. बीते एक साल से वही मकान मालकिन के घर में किराए पर रह रहा था. घटना ने इलाके को दहला दिया है और पुलिस जांच में जुटी है.
मकान मालकिन का नाम दुर्गा बाई है. आरोपी का नाम प्रीतम कुशवाहा है, जिसे घरवालों के बीच मुंहबोला भाई भी माना जाता था. प्रीतम, दुर्गा बाई के घर में पिछले एक साल से किराएदार के रूप में रह रहा था.
वारदात कैसे हुई?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दिन में प्रीतम ने धारदार हथियार (चाकू) से दुर्गा बाई पर 8–9 बार वार किए. उस समय घर में कोई और मौजूद नहीं था. वारदात के बाद आरोपी ने खुदकुशी कर ली. मामला तब सामने आया जब मकान मालकिन का बेटा घर पहुंचा. उसे मां के कमरे का हाल देखकर शक हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर गौतम नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
आरोपी का आपराधिक इतिहास
आरोपी प्रीतम कुशवाहा पहले भी अपने तीन बच्चों की हत्या कर चुका है. उस केस में वह करीब 15 साल की सजा काटकर हाल ही में बाहर आया था. बाहर आने के बाद से वह दुर्गा बाई के घर में किराए से रह रहा था. पुलिस के अनुसार, यह हत्या के बाद आत्महत्या का मामला लग रहा है.
घर से बरामद हुआ धारदार हथियार
मामले में अभी फॉरेंसिक जांच चल रही है. पुलिस पड़ोसियों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही हैं. हत्या की वजह जानने के लिए आरोपी और मृतिका के बीच हुए हालिया विवादों की तफ्तीश की जा रही है. मृतिका के परिजनों ने बताया कि प्रीतम अक्सर घर आता‑जाता रहता था और परिवार के भरोसे में था. पड़ोसियों का कहना है कि दिन में हल्ले-गुल्ले की आवाज नहीं सुनाई दी. जिससे शक होता है कि वारदात बहुत कम समय में और अचानक हुई.