विज्ञापन
This Article is From Feb 17, 2026

डिप्टी रेंजर और महिला की गोली मारकर भागा आरोपी, फिर फांसी लगाकर की आत्महत्या

रायसेन की अमरावद नर्सरी में डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और एक महिला पर देशी कट्टे से फायरिंग की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से भोपाल रेफर किया गया.

डिप्टी रेंजर और महिला की गोली मारकर भागा आरोपी, फिर फांसी लगाकर की आत्महत्या

Deputy Ranger Shooting: रायसेन जिले में मंगलवार को वन विभाग की अमरावद नर्सरी में हुए एक दोहरे हमले से इलाके में हड़कंप मच गया. डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और नर्सरी में काम करने वाली एक महिला को आरोपी ने देशी कट्टे से गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर भागा और बाद में पेड़ से फांसी लगाकर उसने खुदकुशी कर ली.  

नर्सरी में अचानक गोलियों की आवाज से अफरा‑तफरी

घटना रायसेन मुख्यालय से लगभग 13 किलोमीटर दूर अमरावद नर्सरी की है. यहां अचानक गोलियों की आवाज सुनकर कर्मचारी घबरा गए. डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा को आरोपी ने निशाना बनाया, जबकि वहीं काम कर रही एक महिला को भी गोली लग गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आरोपी ने लगातार 5 फायर किए.

घायलों को जिला अस्पताल से भोपाल रेफर

गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखकर उन्हें भोपाल रेफर कर दिया. दोनों का इलाज जारी है. घटना के बाद आरोपी गुड्डा लोधी भागकर जंगल की ओर गया. पुलिस की तलाश के दौरान जानकारी मिली कि उसने एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और आगे की कार्रवाई शुरू की.

आरोपी का पुराने झगड़े से था विवाद

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी करीब तीन साल पहले इसी नर्सरी में काम करता था. कर्मचारियों का कहना है कि उसका किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी. पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी और क्या यह व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला था.

पुलिस ने शुरू की जांच, कर्मचारियों से पूछताछ 

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नर्सरी परिसर की जांच शुरू की. आसपास काम करने वाले कर्मचारियों और ग्रामीणों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जाएगी और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com