विज्ञापन

Exclusive: महाकाल के दर्शन करने पहुंचीं दीपशिखा नागपाल, कहा- ‘महाकाल के दर्शन का मौका कभी नहीं छोड़ती’

Deepshikha Nagpal With NDTV: दीपशिखा ने बताया कि वह महाकाल के दर्शन का कोई भी मौका नहीं छोड़तीं. उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर भस्म आरती में शामिल होती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने दिन में दर्शन किए.

Exclusive: महाकाल के दर्शन करने पहुंचीं दीपशिखा नागपाल, कहा- ‘महाकाल के दर्शन का मौका कभी नहीं छोड़ती’
bollywood news

Deepshikha Nagpal With NDTV: बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल (Deepshikha Nagpal) हाल ही में उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए. वह एक निजी शादी समारोह में शामिल होने उज्जैन आई थीं और इसी दौरान उन्हें महाकाल के दर्शन करने का अवसर मिला. NDTV से खास बातचीत में उन्होंने अपने आध्यात्मिक जुड़ाव, फिल्मी करियर और इंडस्ट्री से जुड़े कई अनुभव साझा किए.

भस्म आरती में शामिल होती हैं

दीपशिखा ने बताया कि वह महाकाल के दर्शन का कोई भी मौका नहीं छोड़तीं. उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर भस्म आरती में शामिल होती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने दिन में दर्शन किए. उनके अनुसार, यह लगभग 25वीं बार है जब वह महाकाल मंदिर आई हैं. उन्होंने कहा कि मुझे महाकाल आना बहुत पसंद है. जब मंदिर इतना बड़ा और भव्य नहीं था, तब से मैं यहां आती रही हूं. जब उनसे पूछा गया कि वह उज्जैन किस योजना के तहत आई हैं, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह एक शादी में शामिल होने आई थीं. शादी समाप्त होने के बाद उनके पास समय था, इसलिए उन्होंने महाकाल के दर्शन करने का निर्णय लिया. हाल ही में उनके नाम को लेकर ‘रागिनी एमएमएस' और ‘लॉकअप' जैसे प्रोजेक्ट्स में आने की चर्चा भी हुई थी. इस पर दीपशिखा ने साफ किया कि ये सिर्फ अफवाहें हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें पहली बार एकता कपूर से आमने-सामने मिलने और समय बिताने का मौका मिला, लेकिन किसी प्रोजेक्ट को लेकर कोई बात नहीं हुई. उन्होंने एकता कपूर की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद साफ दिल की इंसान हैं और उनके लिए उनके मन में बहुत सम्मान है. दीपशिखा ने कहा कि हम सब साथ में बाबा का आशीर्वाद लेने आए थे, इसे लेकर किसी फिल्म से जोड़ना महज संयोग है.

करियर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा

बातचीत के दौरान उन्होंने अपने करियर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि फिल्म ‘करण अर्जुन' में ममता कुलकर्णी का किरदार पहले उन्हें ऑफर हुआ था, लेकिन उन्होंने बिना ज्यादा सोचे-समझे मना कर दिया. उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें अभिनय में दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन बाद में इस फैसले का उन्हें अफसोस हुआ. इंडस्ट्री में आने के बाद जब उन्हें ‘कोयला' फिल्म का प्रस्ताव मिला, तो उन्होंने तुरंत हां कर दी.
90 के दशक और आज के फिल्म उद्योग के अंतर पर दीपशिखा ने कहा कि पहले कास्टिंग बहुत सोच-समझकर होती थी और कलाकारों के बीच अपनापन ज्यादा था. उन्होंने कहा कि उस समय इंडस्ट्री एक परिवार की तरह लगती थी, जबकि आज प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है और माहौल बदल गया है. उनके मुताबिक 90 के दशक के कलाकार आज भी एक-दूसरे से सम्मानपूर्वक मिलते हैं, जो उन्हें आज की पीढ़ी में कम नजर आता है. बोल्ड सीन और इंडस्ट्री को लेकर समाज के नजरिए पर उन्होंने कहा कि फिल्मों में जो दिखाया जाता है, वास्तविक माहौल उससे बिल्कुल अलग होता है. शूटिंग के दौरान पूरी टीम बहुत प्रोफेशनल और प्रोटेक्टिव रहती है. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता भी फिल्मी पृष्ठभूमि से हैं, इसलिए उन्होंने हमेशा इस माहौल को समझा है. उन्होंने कहा कि जो लोग पहले उन्हें गलत नजर से देखते थे, आज वही उनकी तारीफ करते हैं.

यह भी पढ़ें : Saumya Tandon Exclusive: 'धुरंधर 2' में क्या होगा खास? एक्ट्रेस ने किया खुलासा

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close