Saumya Tandon With NDTV: टीवी के लोकप्रिय शो ‘भाभी जी घर पर हैं' से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सौम्या टंडन (Saumya Tandon) इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर (Dhurandhar) और उसके आने वाले दूसरे पार्ट को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने NDTV से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने फिल्म की सफलता, अपने किरदार और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए.
सफलता को लेकर
बातचीत के दौरान जब उनसे ‘धुरंधर' के पहले पार्ट की सफलता को लेकर सवाल किया गया, तो सौम्या टंडन ने खुशी जताते हुए कहा कि फिल्म को दर्शकों से भरपूर प्यार मिला है और यह अब तक की सफल हिंदी फिल्मों में से एक मानी जा रही है. उन्होंने कहा कि वह खुद को बेहद सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें इतनी बड़ी और हिट फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला. उन्होंने यह भी बताया कि अपने करियर के शुरुआती दौर में भी उन्होंने एक फिल्म में छोटा सा किरदार निभाया था और वह फिल्म भी काफी सफल रही थी, इसलिए वह खुद को लकी मानती हैं. जब उनसे ‘धुरंधर पार्ट 2' में उनके किरदार के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि पहले पार्ट में उन्होंने रहमान डकैत की पत्नी का किरदार निभाया था. जिसकी कहानी में मृत्यु हो जाती है. ऐसे में दूसरे पार्ट में उनकी भूमिका सीमित ही रहेगी और दर्शकों को उनका ज्यादा स्क्रीन टाइम देखने को नहीं मिलेगा. फिल्म में काम करने का मौका कैसे मिला, इस पर सौम्या टंडन ने बताया कि उन्हें यह फिल्म एक कास्टिंग कंपनी के जरिए ऑफर हुई थी. शुरुआत में उन्हें लगा कि उनका किरदार काफी छोटा है, लेकिन जब उन्हें निर्देशक आदित्य धर के साथ काम करने का अवसर मिला, तो उन्होंने तुरंत इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी.
कॉमिक किरदार
उन्होंने यह भी साझा किया कि अब तक उन्होंने ज्यादातर टीवी शो और फिल्मों में सॉफ्ट, लाइट और कॉमिक किरदार ही निभाए हैं, लेकिन ‘धुरंधर' में उन्हें पहली बार एक गंभीर भूमिका निभाने का मौका मिला. उनके मुताबिक यह उनके लिए खुद को एक नए रूप में परखने और यह साबित करने का मौका था कि वह हर तरह के किरदार निभाने में सक्षम हैं. बातचीत के अंत में सौम्या टंडन ने कहा कि इस फिल्म में काम करना उनके लिए बेहद आनंददायक अनुभव रहा. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के साथ वह काम कर रही हैं, उनके लिए उनके मन में बहुत सम्मान है. उनका मानना है कि नए लोगों से मिलना और उनके साथ काम करना हमेशा कुछ नया सीखने का अवसर देता है, जो एक कलाकार के लिए बेहद जरूरी है.
यह भी पढ़ें : 'बार्डर 2' के सफल होने पर महाकाल को धन्यवाद देने पहुंचे एक्टर सुनील शेट्टी, कहा- 'बाबा का बुलावा आया'