विज्ञापन

Chhattisgarh Budget 2026: ऐतिहासिक बजट की तैयारी, क्या नई थीम से साय सरकार बनाएगी रिकॉर्ड?

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार 23 फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में अपना तीसरा बजट पेश करने जा रही है. 'GYAN' और 'GATI' जैसी सफल थीम के बाद, इस बार का बजट 25% बड़ा होने का अनुमान है, जो ₹2 लाख करोड़ के आंकड़े को छू सकता है.

Chhattisgarh Budget 2026: ऐतिहासिक बजट की तैयारी, क्या नई थीम से साय सरकार बनाएगी रिकॉर्ड?

Chhattisgarh Budget 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार अपने तीसरे बजट की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है. व‍िधानसभा में प्रदेश का आगामी बजट सत्र 23 फरवरी 2026 से शुरू होगा. आर्थिक गलियारों में चर्चा है कि साल 2026 में वित्त मंत्री ओपी चौधरी पिछले वर्ष के ₹1.65 लाख करोड़ के मुकाबले 25 फीसदी बड़ा यानी लगभग ₹2 लाख करोड़ से अधिक का ऐतिहासिक बजट पेश कर सकते हैं. अगर छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 दो लाख करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करता है, तो यह एक नया र‍िकॉर्ड होगा. 

किसानों को होली का तोहफा: ₹10,000 करोड़ का होगा भुगतान

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से ठीक पहले 11 फरवरी को कैब‍िनेट की बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए ल‍िखा क‍ि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त प्रदान की जाएगी.

"मेरे अन्नदाता भाइयों-बहनों की मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है. लगभग ₹10,000 करोड़ सीधे किसानों के खातों में जाएंगे. पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक ₹25,000 करोड़ दिए जा चुके हैं, जो इस भुगतान के बाद कुल ₹35,000 करोड़ हो जाएंगे."-विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

Chhattisgarh Budget Theme: रिकॉर्ड धान खरीदी और आगामी थीम पर नजर

छत्तीसगढ़ राज्य में इस वर्ष 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई है, जिसका प्रभाव आगामी बजट में स्पष्ट देखने को म‍िल सकता है. सरकार ने पिछले दो बजट भी व‍िशेष थीम पर पेश क‍िए थे. प्रथम बजट (GYAN): गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी तथा द्वितीय बजट (GATI): सुशासन, बुनियादी ढांचा, तकनीक और औद्योगिक विकास.

छत्तीसगढ़ बजट 2026 से क्‍या उम्‍मीद? 

हालांक‍ि अभी बजट की फाइनल डेट सामने नहीं आई है. उम्‍मीद है क‍ि व‍िधानसभा बजट सत्र शुरू होने के सप्‍ताहभर में बजट पेश हो जाएगा. कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के अनुसार, इस बार भी बजट में हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा. 23 फरवरी से व‍िधानसभा में बजट सत्र शुरू हो रहा है. 

इस बार भी बजट के लिए एक अलग थीम के साथ ही आम जनता को बेहतरी की उम्मीद है. बजट को लेकर युवा महिलाओं के अपनी उम्मीद हैं. सरकार के अपने दावे हैं, लेकिन इन सबके बीच विपक्ष के अपने आरोप भी हैं. युवा आदित्य पराते, अविरल मिश्रा, केंटीन संचालिका संध्या कश्यप व समाजसेवी सुल्ताना सिद्दकी ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा क‍ि इस बार का बजट उम्‍मीदों पर खरा उतरने वाला हो.

सियासी सरगर्मी: विपक्ष ने साधा निशाना

एक तरफ जहां जनता को इस प्रगतिशील बजट से काफी उम्मीदें हैं, वहीं विपक्ष ने अभी से घेराबंदी शुरू कर दी है. कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने बजट को 'निराशाजनक' होने की भविष्यवाणी की है. हालांकि, सरकार का दावा है कि सत्र के पहले सप्ताह में ही पेश होने वाला यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा.

25 लाख किसानों को मिलेंगे 10 हजार करोड़ रुपये, जानें कौन होगा पात्र? कैब‍िनेट बैठक में घोषणा

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close