विज्ञापन
This Article is From Dec 25, 2023

छत्तीसगढ़ में किसानों पर हुई धन वर्षा, मिला धान का बकाया बोनस, ट्रांसफर किए गए 3,716 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारी सरकार तेदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से पारिश्रमिक का भुगतान करेगी. इसके साथ ही संग्राहकों के लिए चरण पादुका सहित अन्य लाभकारी योजनाओं को जारी रखा जाएगा.'

छत्तीसगढ़ में किसानों पर हुई धन वर्षा, मिला धान का बकाया बोनस, ट्रांसफर किए गए 3,716 करोड़ रुपए
सांकेतिक फोटो

Chhattisgarth News: छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर 12 लाख किसानों के खातों में बोनस के रूप में 3,716 करोड़ रुपए हस्तांतरित कर दिए. अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने मोदी की गारंटी का वादा सुशासन दिवस के मौके पर पूरा कर दिया है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के बेन्द्री गांव में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 12 लाख से अधिक किसानों को दो वर्ष (खरीफ विपणन वर्ष 2014—15 और 2015—16) के धान के बकाया बोनस के रूप में 3,716 करोड़ रुपए की राशि उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की.

राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने किसानों से बकाया बोनस की राशि देने का फैसला किया था. मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से धान खरीदेंगे. जरूरत पड़ने पर समर्थन मूल्य में धान खरीदी की अवधि भी बढ़ाई जाएगी. उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के अंतर्गत हमने दो साल के बकाया बोनस के भुगतान का वादा किया था और इसे आज अटल जी की जयंती सुशासन दिवसर पर पूरा कर दिया गया है. राज्य ही नहीं पूरे देश ने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया है.

यह भी पढ़ें : 'भगवान' मय हुई साय कैबिनेट! CM समेत सात मंत्रियों के नाम का है 'विष्णु' से कनेक्शन

'सभी वादे पूरे किए जाएंगे'

उन्होंने कहा, 'आज का दिन बहुत ऐतिहासिक है. हमने प्रदेश की जनता से जो भी वादा किया है वे सभी वादे पूरे किए जाएंगे.' मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमने शपथ लेने के अगले ही दिन कैबिनेट की बैठक में गरीबों के 18 लाख आवासों के निर्माण की मंजूरी दी. इससे उन लोगों को आवास मिल सकेगा जो पिछले पांच साल में आवास से वंचित रहे थे.'

साय ने कहा, 'हमने वादा किया है कि जो विवाहित महिलाएं हैं उनके खाते में हर महीना एक हजार रुपए महतारी वंदन योजना के अंतर्गत देंगे. इसके लिए भी हमने अनुपूरक बजट में प्रावधान कर दिया है. उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैसकार्ड धारी परिवारों को पांच सौ रुपए में सिलेंडर देने का भी काम करेंगे. भूमिहीन कृषि मजदूरों को एक साल में दस हजार रुपए देने का काम करेंगे. विभिन्न विभागों के एक लाख रिक्त पदों को पूरी पारदर्शिता के साथ भरेंगे.'

यह भी पढ़ें : कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले खेला बड़ा दांव, सचिन पायलट को बनाया छत्तीसगढ़ का प्रभारी

आयुष्मान कार्ड में मिलेगा 10 लाख का इलाज

मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारी सरकार तेदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से पारिश्रमिक का भुगतान करेगी. इसके साथ ही संग्राहकों के लिए चरण पादुका सहित अन्य लाभकारी योजनाओं को जारी रखा जाएगा.' साय ने कहा कि राज्य की जनता को अब आयुष्मान कार्ड में पांच लाख रूपए की जगह 10 लाख रूपए तक की इलाज की सुविधा मिल सकेगी.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com