विज्ञापन

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज! कहीं गिरे ओले, कहीं बारिश तो कहीं कड़ी धूप से लोग परेशान

छत्तीसगढ़ में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली. धमतरी में बादल, बूंदाबांदी और तेज धूप का मिला‑जुला असर देखने को मिला, जबकि बलरामपुर के वाड्रफनगर क्षेत्र में ओलावृष्टि ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया.

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज! कहीं गिरे ओले, कहीं बारिश तो कहीं कड़ी धूप से लोग परेशान

Chhattisgarh Weather Change: छत्तीसगढ़ में सोमवार का दिन मौसम के रंग बदलते हुए गुजरा. कहीं तेज धूप ने लोगों को परेशान किया, तो कहीं अचानक हुए बादल छाने, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी. धमतरी जिले में मौसम ने इतनी तेजी से करवट ली कि लोग समझ ही नहीं पाए कि अगले ही पल कौन‑सा मौसम सामने होगा. इस बदलाव ने पूरे प्रदेश में फिर से मौसम की अनिश्चितता को उजागर कर दिया है.

धमतरी में अचानक बदल गया मौसम

धमतरी जिले में सुबह से ही मौसम का मिजाज अलग दिख रहा था. आकाश में काले बादल छाए थे और हवा भी हल्की चल रही थी. कुछ देर बाद बूंदाबांदी शुरू हुई, जिससे लगा कि बारिश तेज हो सकती है. लेकिन थोड़ी ही देर में बादल छंट गए और तेज धूप निकल आई. कुछ घंटों में मौसम बार‑बार बदलता रहा. फिलहाल अब मौसम फिर सामान्य हो गया है, लेकिन इस उतार‑चढ़ाव ने लोगों को हैरान जरूर किया.

बलरामपुर में ओलावृष्टि ने बरपाया कहर

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में मौसम का असर और भी ज्यादा गंभीर रहा. दोपहर के समय तेज हवाएं चलीं और उसके बाद जमकर बारिश हुई. इस बारिश के साथ अचानक तेज ओलावृष्टि हुई, जिसने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. कई स्थानों पर खेत, खलिहान और घरों के आसपास ओलों की सफेद चादर बिछ गई.

फसलों को भारी नुकसान का खतरा

ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और अन्य रबी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. कई किसानों के खेतों में खड़ी फसलों के झुकने और टूटने की जानकारी सामने आई है. मौसम विभाग पहले ही अलर्ट जारी कर चुका था, लेकिन ओलों के आकार और मात्रा ने किसानों के नुकसान की चिंता और बढ़ा दी है.

किसानों की बढ़ी टेंशन

बे मौसम बारिश और ओलावृष्टि का सीधा असर किसानों पर पड़ा है. कई किसान पहले से ही मौसम की बेरुखी झेल रहे थे और अब इस अचानक आए बदलाव ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं. जिन खेतों की कटाई की तैयारी थी, वहां ओलों की मार से बड़ा नुकसान हो सकता है. किसान प्रशासन से सर्वे और राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं.

मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि प्रदेश के कई जिलों में हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. वही चेतावनी अब सही साबित होती दिखाई दे रही है. विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी कुछ जगहों पर मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close