Madhya Pradesh-Chhattisgarh News Live: मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ में आज का दिन खबरों से भरा रहेगा. राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ सरकार का बजट पेश होना है, जबकि भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल से सियासत गरमाने वाली है. ऐसे में नजरें विधानसभा के बजट पलों, राजधानी भोपाल के बड़े राजनीतिक कार्यक्रम और मौसम विभाग की चेतावनियों पर टिकी हैं.
छत्तीसगढ़ बजट सत्र और प्रस्तावित विधेयक
विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज दोपहर 12:30 बजे 2026–27 का बजट प्रस्तुत करेंगे. 26–27 फरवरी को सामान्य चर्चा, 9–17 मार्च के बीच विभागवार अनुदान मांगों पर विचार और 17–18 मार्च को विनियोग विधेयक पर बहस व पारितीकरण प्रस्तावित है. इस सत्र में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 और छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा प्रवर्तन विधेयक, 2026 लाए जाने की भी संभावना है, जिन पर राजनीतिक और सामाजिक विमर्श तेज रहेगा.
एमपी की सियासत और मौसम का अपडेट
भोपाल के जवाहर चौक पर किसान महाचौपाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी दोपहर एक बजे शामिल होंगे; विशाल डोम, मंच और नेताओं की बैठकों की तैयारियां पूरी बताई जा रही हैं. उधर, मौसम ने करवट ली है. शिवपुरी, धमतरी समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज हुई. आज भी बदला-बदला मिजाज रहने की चेतावनी है, जिससे फसलों पर प्रभाव और यातायात में मुश्किलें संभव हैं.