Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा. 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश करेंगे. शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सत्र की विस्तृत जानकारी दी.
20 मार्च तक चलेगा सत्र, 15 बैठकें निर्धारित
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि बजट सत्र 20 मार्च तक चलेगा और कुल 15 बैठकें होंगी. पहले दिन दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसमें अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य दीनदयाल सिंह पोर्ते के निधन का भी उल्लेख किया जाएगा. श्रद्धांजलि के बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी.
24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे बजट भाषण
24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर बजट भाषण शुरू करेंगे. बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी को होगी.
9 से 17 मार्च तक अनुदान मांगों पर चर्चा
9 मार्च से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विचार किया जाएगा. 17 मार्च को विनियोग विधेयक प्रस्तुत होगा और 18 मार्च को उस पर चर्चा व पारण किया जाएगा.
सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 और छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा प्रवर्तन विधेयक, 2026 भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं.
2813 प्रश्न, 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
बजट सत्र के लिए विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं. इनमें 1437 तारांकित और 1376 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं. इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, एक अविलंबनीय लोक महत्व का विषय, 13 अशासकीय संकल्प, 9 शून्यकाल सूचनाएं और 112 याचिकाएं प्राप्त हुई हैं.
तीसरा बजट होगा साय सरकार का
वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट विष्णु देव साय सरकार के मौजूदा कार्यकाल का तीसरा बजट होगा. वित्त मंत्री ओपी चौधरी के अनुसार 2024 का पहला बजट ज्ञान, गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को समर्पित था, जबकि 2025 का बजट ‘गति' की रणनीति पर आधारित रहा. साल 2026 का बजट गुड गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी, टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा.