विज्ञापन
This Article is From May 17, 2025

Online betting : सट्टे में हुई बड़ी हार तो शुरू कर दिया फर्जी भर्ती का कारोबार, ऐसे चकमा देता था ठग

Fake Recruitment : गरियाबंद में सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये का खेला करने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया. आरोपी कुलेश्वर कुमार साहू, कार्यपालन अभियंता था और वर्तमान में बलौदा बाजार जिले में पदस्थ है.

Online betting : सट्टे में हुई बड़ी हार तो शुरू कर दिया फर्जी भर्ती का कारोबार, ऐसे चकमा देता था ठग
CG News : गरियाबंद पुलिस ने ठग का खेल किया खत्म, किया गिरफ्तार

Fake Recruitment :   ऑनलाइन सट्टे (जुए) में लंबी चपत लगी तो आरोपी ठग ने फर्जी भर्ती का खेल शुरू कर दिया. करोड़ों रुपये की ठगी कर डाली. ठग कई बेरोजगारों को अपने जाल में फंसा चुका था. लेकिन कहते हैं बदमाशी एक न एक दिन सामने आ ही जाती है और हुआ भी कुछ ऐसा ही. सारी पोल खुल गई. मामला छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले का है. 

दरअसल, गरियाबंद में सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर करोड़ों का खेल खेलने वाला एक बिजली विभाग का अफसर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया. आरोपी कुलेश्वर कुमार साहू, जो कभी गरियाबंद जिले में कार्यपालन अभियंता था और वर्तमान में बलौदाबाजार जिले में पदस्थ है.

नौकरी दिलाने का झांसा देकर 60 लाख रुपये ठग लिए

आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से बड़ी ठगी करता था. गरियाबंद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर फर्जीवाड़ा उजागर किया है. पूरा मामला गरमाया 14 मई को, जब प्रार्थी महेंद्र साहू ने थाना पांडुका में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अभियंता कुलेश्वर साहू ने उसे, उसके परिवार और परिचितों को विद्युत विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 60 लाख रुपये ठग लिए.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से फर्जी नियुक्ति पत्र, बोलेरो वाहन, मोबाइल, लैपटॉप, ऑनलाइन गेमिंग के दस्तावेज और 40 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं. आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

ये भी पढ़ें- NDTV Impact: हैंडपंप बीच में छोड़कर ठेकदार ने बना दी थी सड़क, कमिश्नर के निर्देश पर अब हटाया गया

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर देता था 

आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर सबको ठगा. जब नियुक्ति का नामोनिशान नहीं दिखा, तब जाकर ठगे गए लोगों को सच्चाई का आभास हुआ. पुलिस जांच में साफ हुआ कि कुलेश्वर विगत तीन वर्षों से ऑनलाइन जुए का शौकीन था और लाखों रुपये हार चुका था. कर्ज में डूबा कुलेश्वर अपनी जेब भरने के लिए फर्जीवाड़े की दुनिया में उतर गया. पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने जुए की भरपाई के लिए ही नौकरी का लालच देकर पैसे ऐंठे.

जब्त सामग्री: फर्जी नियुक्ति पत्र, बोलेरो वाहन, मोबाइल, लैपटॉप, 40,000 रुपये नकद और ऑनलाइन जुए से जुड़े दस्तावेज.

ये भी पढ़ें- ग्वालियर में वकीलों ने भीम आर्मी को पीटा, पुलिस भी नहीं दे पाई सुरक्षा; जानें क्यों बढ़ गया विवाद?

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com