विज्ञापन

ट्विशा शर्मा के शव दोबारा पोस्टमॉर्टम को तैयार-द‍िल्‍ली एम्‍स, BCI ने पति समर्थ सिंह का लाइसेंस क‍िया सस्पेंड

Twisha Sharma: ट्विशा शर्मा के परिजनों ने कई दिनों से दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग कर रहे थे. इसके लिए उन्होंने अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया था और भोपाल एम्स से शव लेने से मना कर दिया था.

ट्विशा शर्मा के शव दोबारा पोस्टमॉर्टम को तैयार-द‍िल्‍ली एम्‍स, BCI ने पति समर्थ सिंह का लाइसेंस क‍िया सस्पेंड
ट्विशा शर्मा की 12 मई को घर में मिली थी लाश.

Twisha Sharma Death Case: नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की भोपाल में ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शुक्रवार को बड़ा मोड़ आया. मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा के शव का दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने का आदेश दिया है. यह आदेश ऐसे समय आया है जब कुछ दिन पहले ही भोपाल की निचली अदालत ने परिवार की उस मांग को खारिज कर दिया था, जिसमें दूसरे पोस्टमॉर्टम की अनुमति मांगी गई थी. ट्विशा का परिवार लगातार आरोप लगा रहा है कि यह साधारण आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसकी गहराई से फॉरेंसिक जांच जरूरी है.

जस्टिस अवनिंद्र कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि दूसरा पोस्टमॉर्टम दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम करेगी. हालांकि अदालत ने साफ किया कि पोस्टमॉर्टम भोपाल में ही होगा. इसके लिये दिल्ली एम्स के डॉक्टरों को विशेष विमान से भोपाल लाया जाएगा. कोर्ट ने यह भी कहा कि यह प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए.

शव का दूसरा पोस्टमॉर्टम करने के लिए तैयार

राष्ट्रीय राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख ने शुक्रवार को कहा कि कथित दहेज मृत्यु मामले में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अस्पताल अभिनेत्री-मॉडल शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमॉर्टम करने के लिए तैयार है.  विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि उन्हें अदालत के निर्देश के बारे में मीडिया में आई खबरों के माध्यम से पता चला और वे आधिकारिक आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं. गुप्ता ने पीटीआई-भाषा से कहा, “आदेश मिलते ही डॉक्टरों की एक टीम भोपाल भेजी जाएगी या यदि शव को एम्स दिल्ली लाने की व्यवस्था हो जाती है, तो पोस्टमॉर्टम यहीं किया जाएगा. दोनों ही स्थिति में, हम न्याय के हित में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं.”

ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह का लाइसेंस सस्पेंड

उधर, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह का लाइसेंस सस्पेंड किया है. इस पर BCI चेयरमैन मनन मिश्रा ने कहा क‍ि ये बड़े लोग हैं. जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं. इनका सबूतों से छेड़छाड़ करने का भी प्रयास हो रहा है. एक वकील की तरफ से ऐसा नहीं होना चाहिए और इस वजह से लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है.  नोटिस भी दिया है. इनके ऊपर DISCIPLINARY PROCEDING चलेगी उसके बाद फैसला होगा. 

पिता की याचिका पर आदेश 

यह आदेश ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर आया है. वे लगातार अपनी बेटी की मौत के वास्तविक कारण और परिस्थितियों का पता लगाने के लिये दूसरे पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहे थे. इससे पहले परिवार ने भोपाल की अदालत का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन निचली अदालत ने यह कहते हुए मांग खारिज कर दी थी कि मध्य प्रदेश से बाहर दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने की अनुमति देना उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर है. हालांकि अदालत ने कटारा हिल्स पुलिस को निर्देश दिया था कि शव को ऐसी मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा जाए, जहां वह खराब न हो.

मध्य प्रदेश में ऐसी सुविधा नहीं

लेकिन इसी आदेश ने एक व्यावहारिक संकट खड़ा कर दिया था. ट्विशा का शव 13 मई से एम्स भोपाल की मॉर्च्युरी में रखा गया है. एम्स भोपाल ने पुलिस को बताया था कि उसकी मॉर्च्युरी में तापमान केवल माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिस पर शव को अधिकतम चार-पांच दिन ही सुरक्षित रखा जा सकता है. भोपाल कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि लंबे समय तक शव को सुरक्षित रखने के लिये माइनस 80 डिग्री सेल्सियस तापमान जरूरी है. समस्या यह थी कि मध्य प्रदेश में ऐसी सुविधा किसी मॉर्च्युरी में उपलब्ध नहीं बताई गई.

वरिष्ठ फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. डीके सतपथी ने पहले सुझाव दिया था कि जल्दबाज़ी में दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने के बजाय देशभर के विशेषज्ञों का एक बड़ा मेडिकल बोर्ड बनाया जाना चाहिए. उनके मुताबिक दिल्ली, चेन्नई, हैदराबाद और चंडीगढ़ जैसे शहरों के विशेषज्ञ पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की स्वतंत्र समीक्षा कर सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि मध्य प्रदेश में शव को माइनस 80 डिग्री सेल्सियस पर सुरक्षित रखने की कोई मॉर्च्युरी व्यवस्था फिलहाल उपलब्ध नहीं है.

पांच महीने पहले भोपाल के वकील से की थी शादी

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने करीब पांच महीने पहले भोपाल के वकील समर्थ सिंह से शादी की थी. बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. एक आधुनिक प्रेम कहानी से शुरू हुआ यह रिश्ता अब एक बेहद विवादित मौत की जांच में बदल गया है. ट्विशा के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर घरेलू हिंसा, प्रताड़ना और दहेज से जुड़ी क्रूरता के गंभीर आरोप लगाए हैं.

इस मामले में कटारा हिल्स थाने में FIR दर्ज हो चुकी है. ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह, जो पूर्व जज हैं, दहेज प्रताड़ना से जुड़े आरोपों में नामजद हैं. परिवार का आरोप है कि ट्विशा को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया गया और उसकी मौत को आत्महत्या बताना जल्दबाजी है.

मामला इसलिए भी संवेदनशील हो गया है क्योंकि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी हैं. परिवार बार-बार कह रहा है कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से होनी चाहिए, खासकर तब जब आरोपित पक्ष प्रभावशाली पृष्ठभूमि से जुड़ा हो.

यहां पढ़ें पूरी खबर- ट्विशा शर्मा की मौत के मामले की जांच करेगी CBI! एमपी सरकार ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता का समर्थन

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दूसरे पोस्टमॉर्टम की मांग का समर्थन किया. हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि राज्य पहले पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों की क्षमता पर कोई सवाल नहीं उठा रहा है. यानी यह मांग पहले मेडिकल बोर्ड पर अविश्वास के तौर पर नहीं, बल्कि एक संवेदनशील मामले में अधिक भरोसे और फॉरेंसिक स्पष्टता के कदम के तौर पर रखी गई.

ट्विशा के परिवार के लिये यह आदेश न्याय की लड़ाई में बेहद अहम कदम है. वहीं पुलिस के लिए अब दबाव और बढ़ गया है कि शव को सुरक्षित रखा जाए, दूसरा पोस्टमॉर्टम बिना देरी के कराया जाए और पूरी जांच न्यायिक तथा सार्वजनिक कसौटी पर खरी उतरे. अब सबसे बड़ा सवाल वही है ट्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या थी, या इसके पीछे कुछ और छिपा है?

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close