बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर की भाजपा नेत्री ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले में बिलासपुर सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. अब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कारोबारी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
माइनिंग कारोबार में निवेश और मुनाफे का दिया झांसा
सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली भाजपा से जुड़ी महिला नेत्री ने रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह पर आरोप लगाया है कि करीब दो वर्ष पहले दिल्ली आने-जाने के दौरान दोनों की पहचान हुई थी. महिला के अनुसार, संजय सिंह ने खुद को एक बड़ा उद्योगपति बताते हुए उन्हें माइनिंग (खनन) कारोबार में निवेश करने पर भारी मुनाफे का झांसा दिया था. आरोप है कि कारोबारी ने व्यापार में पार्टनरशिप और निवेश पर दोगुना लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद महिला उसके झांसे में आ गई और दोनों के बीच संपर्क बढ़ गया.
शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने धीरे-धीरे उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और भरोसे में लेकर कई बार उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए. महिला ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि आरोपी उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ-साथ ब्लैकमेल भी करता रहा. जब महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी और आर्थिक-शारीरिक शोषण का अहसास हुआ, तब उन्होंने सिविल लाइन थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई.
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस फिलहाल दोनों के बीच हुई मोबाइल चैट, कॉल डिटेल, बैंक लेनदेन और अन्य अहम दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि निवेश के नाम पर महिला से कितनी रकम ली गई और किन परिस्थितियों में ये संबंध बने.
आरोपी कारोबारी ने वीडियो जारी कर रोते हुए खुद को बताया बेकसूर
इधर, मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी संजय सिंह ने 21 मई को एक भावुक वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. वीडियो में उसने कहा कि उस पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह से झूठे, मनगढ़ंत और बेबुनियाद हैं. आरोपी का दावा है कि उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है और निष्पक्ष जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी.
संजय सिंह ने वीडियो में रोते हुए आरोप लगाया
"मुझे राजनीतिक रसूख के तहत फंसाया जा रहा है. कथित भाजपा नेत्री ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मुझे कोयला खदान का टेंडर दिलाने का वादा किया था और इसके एवज में मुझसे ही 80 लाख रुपये लेकर ठगी की है. अब जब मैंने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने मुझे फोन पर ब्लॉक कर दिया और आज मुझ पर ही यौन शोषण का झूठा आरोप लगाकर फंसा रही हैं."
वीडियो के अंत में आरोपी ने रोते हुए दावा किया कि पिछले 7 महीनों से उनकी महिला से मुलाकात तक नहीं हुई है. उन्होंने पुलिस से मांग की कि दोनों के व्हाट्सएप चैट की जांच की जाए ताकि असल सच्चाई बाहर आ सके.
इस पूरे मामले पर बिलासपुर के सीएसपी (CSP) निमितेश सिंह ने बताया कि 14 मई 2026 को सिविल लाइन थाने में पीड़िता ने एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें झारखंड निवासी संजय सिंह द्वारा उनके साथ अनाचार (दुष्कर्म) करने की बात कही गई थी. शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सिविल लाइन थाने की एक विशेष टीम को झारखंड रवाना किया गया था. पुलिस टीम ने वहां से आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार किया और बिलासपुर लेकर आई है.