विज्ञापन

ट्विशा मामले में बड़ा मोड़: जल्द सरेंडर कर सकता है आरोपी समर्थ सिंह

Samarth Singh Surrender: भोपाल के बहुचर्चित मॉडल ट्विशा शर्मा मामले में हाईकोर्ट ने शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मंजूरी दे दी है. दूसरी तरफ, ३० हजार के इनामी आरोपी पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने और अग्रिम जमानत याचिका वापस होने के बाद उसके जल्द ही सरेंडर करने की संभावना जताई जा रही है, जानिए इस हाई-प्रोफाइल मामले का पूरा अपडेट.

ट्विशा मामले में बड़ा मोड़: जल्द सरेंडर कर सकता है आरोपी समर्थ सिंह

Twisha Sharma Bhopal Case: भोपाल की बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मामले में हर गुजरते दिन के साथ कानून का शिकंजा कसता जा रहा है. मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह की मुश्किलें अब इस हद तक बढ़ चुकी हैं कि उनके सामने सरेंडर करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता बचता नहीं दिख रहा है.सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियों और पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बीच समर्थ सिंह किसी भी वक्त अदालत या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर सकते हैं.

वकील ने वापस ली अग्रिम जमानत याचिका

समर्थ सिंह को कानूनी तौर पर राहत दिलाने की कोशिशों को अदालत में उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनके वकील ने अग्रिम जमानत की याचिका वापस ले ली. कानूनी जानकारों का मानना है कि पुलिस के पास मौजूद पुख्ता सबूतों और मामले की गंभीरता को देखते हुए बचाव पक्ष को अदालत से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम नजर आ रही थी. अग्रिम जमानत याचिका के वापस होने के बाद अब समर्थ सिंह पर गिरफ्तारी की तलवार सीधे तौर पर लटक गई है.

लुकआउट नोटिस और 30 हजार का इनाम घोषित

फरार चल रहे समर्थ सिंह को देश से बाहर भागने से रोकने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त कदम उठाए हैं. समर्थ सिंह के खिलाफ आधिकारिक तौर पर लुकआउट नोटिस (Lookout Notice) जारी कर दिया गया है, जिसके बाद देश के सभी एयरपोर्ट और बंदरगाहों को अलर्ट पर रखा गया है. इसके साथ ही, आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने समर्थ सिंह पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया है. पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं. 
ये भी पढ़ें: गिरिबाला को 3 नोटिस दिए, जवाब नहीं मिला तो एक्शन, ट्विशा शर्मा केस में बोले भोपाल कमिश्नर

ट्विशा शर्मा का फिर से होगा पोस्टमॉर्टम, हाईकोर्ट ने दी मंजूरी

दूसरी तरफ जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमॉर्टम करने की मंजूरी दे दी है. ट्विशा के परिजनों ने शव का दोबारा पीएम कराने के लिए अर्जी दायर की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस को यह आदेश दिया है. बता दें कि मॉडल ट्विशा शर्मा की मुलाकात अपने पति समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. समर्थ पेशे से क्रिमिनल लॉयर है. दिसंबर 2025 में दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी,लेकिन शादी के महज 5 महीने बाद ही 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि ट्विशा की सास और पति ने मिलकर उसकी हत्या की है. वे शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग कर रहे थे.जिसे अब मंजूर कर लिया गया है. 
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा का फिर से होगा पोस्टमॉर्टम, हाईकोर्ट ने दी मंजूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com