मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में पुराने भोपाल-बैतूल नेशनल हाईवे पर पथरोटा नहर पुल के पास 6 फरवरी 2026 की देर रात एक कार नहर में गिर गई है. रेलिंग तोड़ती हुई नहर में गिरी तेज रफ्तार कार में सवार तीन युवकों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई. उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन कार लॉक हो जाने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके. कोई संसाधन नहीं होने के कारण आसपास मौजूद लोग भी उन्हें नहीं बचा सके.
टाउन इंस्पेक्टर संजीव सिंह ने बताया कि “हमें रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि एक कार पथरोटा नहर में गिर गई है. सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें आसपास के लोगों ने भी सहयोग किया.
रेस्क्यू ऑपरेशन में लगा 1.5 घंटे का समय
एसडीआरएफ की प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि कार नहर में गहराई तक डूब गई थी, ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 1.5 घंटे का समय लगा. कार को बाहर निकालने पर उसके तीन शव मिले. इटारसी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि कार में मिले शव की पहचान चालक लकी पटेल (30), शिवम तिवारी (26) और अभय उर्फ अभि चौहान (19) के रूप में हुई हैं.
सिर्फ लाइटें दिख रहीं थी बाहर
प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया, कार पूरी तरह डूबी हुई थी. सिर्फ उसकी लाइटें बाहर दिखाई दे रही थीं. ट्रैक्टर की मदद से कार को बाहर निकाला गया, उसमें तीन शव बरामद किए गए है.
तेज रफ्तार या नशा हादसे का कारण क्या?
प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने कहा कि हादसे की संभावित वजह स्टेयरिंग फेल होना या नशे में गाड़ी चलाना हो सकता है. या हो सकता है गाड़ी तेज रफ्तार में चल रही हो, इस कारण यह हादसा हो गया. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
हादसे की तसवीरें...




