विज्ञापन
This Article is From Nov 30, 2025

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव: इंदौर में तैयार एमपी का पहला गीता भवन, CM मोहन यादव करेंगे लोकार्पण

मध्य प्रदेश में International Geeta Mahotsav 2025 की भव्य शुरुआत इंदौर में बने MP Geeta Bhavan के लोकार्पण से होगी. CM Mohan Yadav गीता जयंती पर राज्यभर में होने वाले Srimad Bhagavad Gita Path, Ujjain cultural programs और भोपाल के विशेष आयोजनों का शुभारंभ करेंगे.

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव: इंदौर में तैयार एमपी का पहला गीता भवन, CM मोहन यादव करेंगे लोकार्पण

International Geeta Mahotsav 2025: मध्य प्रदेश इस बार गीता जयंती को एक ऐतिहासिक क्षण बनाने जा रहा है. इंदौर में राज्य का पहला गीता भवन अब उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 दिसंबर 2025 को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ करेंगे और इसी मौके पर इस अनोखे आध्यात्मिक स्थल का लोकार्पण भी होगा. प्रदेश भर में होने वाले इस भव्य आयोजन का उद्देश्य गीता के संदेश को जन–जन तक पहुंचाना है.

मुख्यमंत्री करेंगे गीता महोत्सव का शुभारंभ

गीता जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे. संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने बताया कि इसी दिन इंदौर स्थित राजवाड़ा के गोपाल मंदिर परिसर में मध्यप्रदेश के पहले गीता भवन का लोकार्पण किया जाएगा. साथ ही, 16 से 28 नवंबर 2025 तक हुई श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं के नाम भी घोषित किए जाएंगे. प्रतियोगिता के पुरस्कार गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 को दिए जाएंगे.

313 विकासखंडों में सामूहिक गीता पाठ

इस वर्ष गीता जयंती को राज्य सरकार ने जनभागीदारी से जोड़ते हुए विशाल रूप दिया है. प्रदेश के 313 विकासखंडों, 55 जिला मुख्यालयों और 10 संभागों में आचार्यों की उपस्थिति में श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक सस्वर पाठ होगा. अनुमान है कि तीन लाख से अधिक गीता भक्त इस पाठ में सम्मिलित होंगे. उज्जैन, भोपाल और इंदौर में विशेष आयोजन भी तय किए गए हैं.

‘गीता जीवन का मार्गदर्शक'—संस्कृति सलाहकार

संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी ने कहा कि गीता महोत्सव सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना और सकारात्मकता का व्यापक माध्यम है. उनके अनुसार, गीता जीवन जीने की कला और कर्तव्य–निष्ठा का संदेश देती है. मुख्यमंत्री के आह्वान पर गीता के उपदेश को प्रदेश के हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए व्यापक कार्यक्रम तैयार किए गए हैं, ताकि समाज में अनुशासन, ज्ञान और जागरूकता का वातावरण बने.

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले गरमाई सियासत, इन मुद्दों पर सदन में घेरेगी कांग्रेस, हंगामे के आसार

उज्जैन में तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम

उज्जैन का दशहरा मैदान 1 से 3 दिसंबर तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का केंद्र रहेगा. पहले दिन अभिनेता पुनीत इस्सर द्वारा निर्देशित ‘जय श्रीकृष्णा' नृत्य–नाटिका का मंचन होगा. दूसरे दिन नई दिल्ली की वैष्णवी शर्मा काव्य पाठ ‘विराटजयी' प्रस्तुत करेंगी, जबकि मुंबई के मोहित शेवानी और उनके दल की ‘कृष्णायन' सांगीतिक प्रस्तुति भी होगी. अंतिम दिन उमेश तरकसवार द्वारा निर्देशित ‘विश्ववंदनीय' और डॉ. सलाउद्दीन पाशा की ‘गीता ऑन व्हील्स' की प्रस्तुति दर्शकों को गीता के विभिन्न प्रसंगों से रुबरु कराएगी. इसी स्थल पर ‘माधव दर्शनम्' लघुचित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.

भोपाल में दिव्यांग कलाकारों की विशेष प्रस्तुति

भोपाल के रवीन्द्र भवन में ‘गीता ऑन व्हील्स' का मंचन दिव्यांग कलाकारों द्वारा किया जाएगा. इसके बाद मोहित शेवानी के निर्देशन में ‘कृष्णायन' की विशेष प्रस्तुति होगी, जिसमें आधुनिक तकनीक के साथ श्रीकृष्ण और मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक यात्रा को दर्शाया जाएगा. कार्यक्रम से पहले दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ और प्रदर्शनी का लोकार्पण किया जाएगा. सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शाम 6 बजे से शुरू होंगी.

ये भी पढ़ें- महिला बीएलओ की सरेराह पिटाई का VIDEO! चप्पल दिखाकर दी धमकी, गाली-गलौज कर की हाथापाई

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close