विज्ञापन

हनुमान जी की प्रतिमा खंडित करने पर आक्रोश, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में शरदा पनिहा टोला स्थित मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा दोबारा खंडित मिलने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.

हनुमान जी की प्रतिमा खंडित करने पर आक्रोश, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

MP Temple Disturbance: सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र में उस समय तनाव फैल गया, जब शरदा पनिहा टोला स्थित पहाड़ी मंदिर में विराजमान हनुमान जी की प्रतिमा फिर से खंडित कर दी गई. घटना से क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया और पुलिस को तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े. संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि पुलिस प्रशासन ने स्थिति सामान्य करने के लिए तुरंत कार्यवाही शुरू कर दी.

प्रतिमा तोड़ने से भड़का आक्रोश

स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में पहले भी हनुमान जी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटना हो चुकी है. उस समय नई प्रतिमा स्थापित की गई थी, लेकिन एक बार फिर मूर्ति खंडित मिलने पर लोगों का गुस्सा बढ़ गया. ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार की हरकतें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और क्षेत्र में तनाव का माहौल बनता है.

संदेही हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली टीआई अभिषेक उपाध्याय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है. ग्रामीणों का आरोप है कि शेर खान नामक युवक पहले भी ऐसी हरकतों में शामिल रहा है और धार्मिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता रहा है.

फिर से स्थापित की गई प्रतिमा, पूजा‑अर्चना कराई गई

क्षेत्र के लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत नई हनुमान प्रतिमा स्थापित करवाई और विधि‑विधान से पूजा‑अर्चना भी कराई. इसके बाद स्थिति धीरे‑धीरे शांत हुई. बताया गया कि स्वयं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम भेजी और लोगों को समझाइश दी कि किसी भी हाल में माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा.

स्थिति सामान्य, जांच जारी

फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन पुलिस इस मामले को गंभीर मानकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. अधिकारी लगातार लोगों को आश्वस्त कर रहे हैं कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए भी निगरानी बढ़ाई जाएगी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close