विज्ञापन
1 month ago

Madhya Pradesh-Chhattisgarh Live Updates: मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़ में होली को लेकर इस बार दोहरी हलचल है. तारीख को लेकर कन्फ्यूजन और मौसम का बदलता मिज़ाज. कहीं 3 मार्च तो कहीं 4 मार्च की चर्चा चल रही है, जिस वजह से दफ्तरों और स्कूलों में छुट्टियों को लेकर असमंजस था. इसी बीच राहत यह है कि मध्य प्रदेश सरकार ने पहली बार लगातार दो दिन की सरकारी छुट्टी घोषित कर दी है, ताकि लोग निर्बाध ढंग से त्योहार मना सकें और प्रशासनिक योजना भी साफ रहे.

छुट्टियां और प्रशासनिक अपडेट

सरकार की वर्ष 2026 की अवकाश सूची में पहले से 3 मार्च का सार्वजनिक/सामान्य अवकाश दर्ज था. कर्मचारियों के संगठनों ने अलग‑अलग परंपराओं के कारण 4 मार्च का अवकाश भी मांगा, जिसे स्वीकृति मिल गई. अब सरकारी कार्यालय 3 और 4 मार्च दोनों दिन बंद रहेंगे. इससे जिलों में होलिका दहन और धुलेंडी के अलग‑अलग आयोजनों की तैयारी आसान होगी.

यहां पढ़ें मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ की पल-पल की ताजा खबरें...

छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक उपलब्धि! भारतनेट प्रोग्राम के तहत केंद्र से मिली ₹3,942 करोड़ की स्वीकृति

छत्तीसगढ़ ने डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है. भारत सरकार के संचार मंत्रालय के संशोधित भारतनेट प्रोग्राम (ABP) के तहत राज्य को ₹3,942 करोड़ की स्वीकृति मिली है, जिसके जरिए सभी ग्राम पंचायतों को रिंग टोपोलॉजी से जोड़ा जाएगा और शेष गांवों तक चरणबद्ध विस्तार किया जाएगा. यह पहल ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण, ई‑गवर्नेंस, ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन और उद्यमिता को नई गति देगी. राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार जताते हुए कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी ही विकसित छत्तीसगढ़ की नई जीवनरेखा बनेगी.

महुआ बिनने गई महिला पर बाघ ने किया हमला, मौत

महुआ बिनने गई एक महिला पर बाघ ने घात लगाकर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. बाघ इतना आक्रामक था कि उसने महिला के शरीर को दो हिस्सों में अलग कर दिया. घटना वन परिक्षेत्र बहरई के पाण्डरवानी गांव के पास जंगल में हुई, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति को संभालने पहुंची वन विभाग की टीम ने परिजनों को तत्काल 8 लाख रुपये की सहायता राशि और अंतिम संस्कार के लिए 20,000 रुपये देने का आश्वासन दिया.

होली से पहले जागा खाद्य विभाग! मिठाई, दूध और नमकीन के 19 सैंपल लिए, 4 दुकानों को नोटिस

नीमच जिले में होली से पहले खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई देखने को मिली, जहां रतनगढ़ और मोरवन क्षेत्र में 5 दुकानों व डेयरियों पर दबिश देकर मिठाई, दूध, घी, नमकीन सहित कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए. जांच के दौरान कई खामियां सामने आने पर 4 दुकानों को नोटिस जारी किया गया. रतनगढ़ क्षेत्र में डेयरी, मिठाई दुकानों व होटल से सैंपल लिए गए, जबकि मोरवन में किराना दुकान की जांच कर दालों के नमूने भरे गए. सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद मिलावट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ट्रेन में 8 लाख के जेवरों से भरा बैग चोरी, जीआरपी ने परिवार को लौटाया

जबलपुर जीआरपी थाने से जुड़ा एक सराहनीय मामला सामने आया, जहां रेल पुलिस ने होली के त्योहार पर एक परिवार की खुशियां लौटा दीं. ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों से 8 लाख रुपये के जेवरों से भरा बैग लापरवाहीवश छूट गया था, जिसे जीआरपी ने चेकिंग के दौरान बरामद कर परिवार को सौंप दिया. इसी दौरान पुलिस ने एक झपटमारी की वारदात में शामिल बदमाश को भी गिरफ्तार किया. समय रहते की गई इस कार्रवाई के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और रेल पुलिस की तत्परता की सराहना की.

इंदौर महापौर नहीं मनाएंगे होली और रंगपंचमी! भागीरथपुरा की घटना पर लिया फैसला

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भागीरथपुरा में गंदा पानी पीने से हुई मौतों और बीमारी की घटनाओं के बाद यह भावनात्मक फैसला लिया है कि वे इस वर्ष होली और रंगपंचमी नहीं मनाएंगे. मेयर ने कहा कि यह बेहद दर्दनाक घटना है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई परिवार प्रभावित हुए हैं, इसलिए वे दुखी परिवारों के साथ खड़े रहने के लिए उत्सवों से दूर रहेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इंदौर की पारंपरिक और विश्व प्रसिद्ध रंगपंचमी ‘गेर’ जुलूस की तैयारियां पहले की तरह जारी रहेंगी और इसके सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं.

दुबई से इंदौर पहुंचे दो पूर्व विधायक, 4 दिन से फंसे थे

ईरान-इजरायल युद्ध के चलते दुबई में चार दिनों से फंसे रहने के बाद पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल आखिरकार इंदौर लौट आए. दोनों नेताओं के साथ इंदौर के कई उद्योगपति भी मौजूद थे. तय उड़ान में आई दिक्कतों के कारण यह पूरा दल दुबई में अटक गया था, हालांकि अब सभी सुरक्षित रूप से इंदौर पहुंच गए हैं, जिससे परिजनों और समर्थकों ने राहत की सांस ली.

चंद्र ग्रहण खत्म, देखें तस्वीर...

पंचांग के अनुसार सिंह राशि और पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में लगा चंद्र ग्रहण अब समाप्त हो चुका है. यह ग्रहण दोपहर 3:20 बजे शुरू तो हो गया था, लेकिन उस समय भारत में चंद्रमा दिखाई नहीं देता. देश में चंद्रमा का उदय शाम लगभग 6:26 से 6:32 बजे के बीच हुआ, और उसी दौरान ग्रहण का अंतिम चरण देखा गया. करीब 6:46 से 6:47 बजे के बीच ग्रहण पूरी तरह समाप्त हो गया. यानी भारत में यह चंद्र ग्रहण सिर्फ 15–20 मिनट तक ही नजर आया.

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने की पुलिस की सराहना, जानें क्यों?

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने छतरपुर और टीकमगढ़ पुलिस की सराहना करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी निजी सहायक कोसा बाई को सुरक्षित ढूंढ निकालने के लिए पुलिस का हृदय से आभार जताया. कोसा बाई 2 फरवरी 2026 को प्रयागराज एक्सप्रेस से टीकमगढ़ जा रही थीं, लेकिन निर्धारित स्टेशन पर नहीं उतरने से परिजन चिंतित हो उठे. सूचना मिलते ही दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षक और थाना खरगापुर व सिविल लाइन की पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और खोजबीन कर कोसा बाई को छतरपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित पाया. बाद में पुलिस ने उन्हें सकुशल परिजनों तक पहुंचाया. उमा भारती ने इस त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता की प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई कि पुलिस आगे भी हर जरूरतमंद की इसी तरह मदद करती रहेगी. 

राज्‍यसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी बनने पर सीएम साय ने लक्ष्मी वर्मा को दी बधाई

छत्तीसगढ़ की पूर्व भाजपा उपाध्यक्ष और राज्य महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें बधाई दी है. उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति लक्ष्मी वर्मा की निष्ठा और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निश्चित रूप से राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं को सशक्त स्वर देगी. मुख्यमंत्री साय ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

लोगों पर पानी फेंकने का वीडियो हुआ वायरल, पुलिस ने लिया एक्शन

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक चारपहिया वाहन में सवार युवकों द्वारा सड़क पर चलते राहगीरों पर पानी भरे गुब्बारे फेंकते हुए बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. वीडियो में युवक सनरूफ से बाहर निकलकर गुब्बारे मारते दिखे, जिससे दुर्घटना और जनहानि की आशंका पैदा हो रही थी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान में लेकर टाटा हैरियर (CG 04 PW 8922) के चालक के खिलाफ धारा 281 BNS के तहत अपराध दर्ज किया और वाहन मालिक विजय कुकरेजा की कार जप्त कर ली. पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपियों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी है.

दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग हुई गर्भवती, तबियत बिगड़ने पर परिजनों को मिली जानकारी

मध्य प्रदेश के धार जिले में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है, जहां पीड़िता सात माह की गर्भवती पाई गई और परिजनों को इसकी जानकारी तब लगी जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी. जांच में पता चला कि करीब एक साल पहले उसकी पहचान एक युवक पवन से हुई थी, जो स्कूल और घर के आसपास मंडराया करता था. आरोप है कि वह बहला‑फुसलाकर किशोरी को सुनसान जगह ले गया और दो बार दुष्कर्म किया. डर के कारण पीड़िता ने घटना किसी को नहीं बताई, लेकिन अस्पताल में जांच के दौरान गर्भ का खुलासा हुआ. इसके बाद पुलिस ने पवन के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, वहीं थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.

सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, बहू की हालत गंभीर

कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के सुड्डी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता‑पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में बैठी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जबलपुर रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, भनपुरा निवासी शिव सिंह अपने बेटे मनोज सिंह और बहू चंदाबाई के साथ सुखदास गांव में शोक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी सुड्डी गांव के पास सामने से आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर बाइक से जा भिड़ी और टक्कर के बाद खेत में जा घुसी. हादसे की सूचना पर बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने शिव सिंह और मनोज सिंह को मृत घोषित कर दिया. पड़ोसी राकेश यादव ने पुष्टि की कि परिवार रिश्तेदारी से लौट रहा था और रास्ते में यह दुखद घटना हो गई, फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मध्यप्रदेश में फिल्म शतक टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री मोहन यादव देखने जाएंगे

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंदी फिल्म ‘शतक’ को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री घोषित कर दिया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी और बताया कि यह फिल्म राष्ट्रसेवा, संस्कारों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा दशकों से निभाई जा रही मूल्य परंपराओं को प्रभावी रूप में प्रस्तुत करती है. मुख्यमंत्री ने लिखा कि ‘शतक’ संगठित विचार, मजबूत चरित्र और सेवा भाव के जरिए एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश देती है. उन्होंने यह भी बताया कि वह आज रात 8 बजे स्वयं यह फिल्म देखने जा रहे हैं.  

साइबर ठगी का नया जाल! फर्जी कंपनी बनाकर 23 करोड़ की ठगी

विदिशा में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन आरोपियों ने सितंबर 2025 में “ट्रायुनिटी वेंचर” नाम से फर्जी पार्टनरशिप फर्म बनाकर बैंक में चालू खाता खुलवाया और सिर्फ एक खाते के जरिए देशभर के लोगों से 23 करोड़ से ज्यादा रुपये ठग लिए. इस खाते से डेढ़ लाख से ज्यादा ट्रांजैक्शन किए गए, जिनमें 10 हजार से लेकर 50 लाख रुपये तक की रकम लगातार जमा और निकासी होती रही. कुल 23 करोड़ 27 लाख 4 हजार 559 रुपये खाते में आए और बैंक को भनक लगने से पहले 23 करोड़ 20 लाख 85 हजार 268 रुपये निकाल लिए गए. देश के 24 राज्यों से शिकायतें आने पर SBI की विभिन्न शाखाओं ने खाता फ्रीज किया, लेकिन तब तक खाते में सिर्फ 6 लाख रुपये बचे थे. मामला सामने आने के बाद सांची रोड स्थित वाणिज्य शाखा की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम के अंतिम ठिकाने की जांच जारी है.

उज्जैन में दो बच्चों की मौत, तालाब में डूबने से हुआ हादसा

उज्जैन के इंदौर रोड स्थित ग्राम राघोपीपलिया में दर्दनाक हादसा हो गया, जहां तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई. अचानक हुए इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है, जबकि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.

मिट्टी में दबकर मजदूर की मौत, चिनकी परियोजना में सुरक्षा की लापरवाही

रायसेन जिले के चौरास क्षेत्र में नर्मदा नदी पर बन रही चिनकी‑बोरास डेम परियोजना में बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां RVR कंपनी द्वारा चल रहे पाइप लाइन बिछाने के काम के दौरान सुरक्षा उपकरणों के अभाव में मजदूर छोटू नोरिया की मिट्टी धंसने से मौत हो गई. बताया गया कि गहरे गड्ढे में बिना हेलमेट‑सेफ्टी बेल्ट काम करा जा रहा था, घटना के समय न कंपनी का DPM मौजूद था और न ही कोई इंजीनियर. मजदूरों की कई बार चेतावनी के बावजूद जेसीबी चालक ने समय पर काम नहीं रोका, जिसके चलते छोटू करीब आधे घंटे तक मिट्टी में दबा रहा और बाहर निकालने तक उसकी जान चली गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया, वहीं SDOP कुंवर सिंह मुकाती ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जिम्मेदारों की जांच शुरू कर दी गई है.

राज्‍यसभा चुनाव 2026: छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को प्रत्याशी बनाया

Laxmi Verma BJP Rajya Sabha Election 2026: राज्‍यसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर 16 मार्च को मतदान होगा. भाजपा ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है. लक्ष्मी वर्मा रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी है. दो सीटों के ल‍िए चुनाव होगा. संख्या बल के आधार पर बीजेपी और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलने की संभावना है. नामांकन प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू होकर 5 मार्च तक चलेगी. 

Madhya Pradesh News: थाने में दो पक्षों का हंगामा, चाकूबाजी के बाद बढ़ा विवाद

Sagar Hindi News: सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में होलिका दहन के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद ने थाने तक तूल पकड़ लिया. विवाद के दौरान चाकू चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका कान कट गया. घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां जमकर हंगामा हुआ. इस पूरे घटनाक्रम के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जानकारी के अनुसार, होलिका दहन के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसका कान कट गया. घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

Flesh Trade n Gwalior: स्पा सेंटर में विदेशी लड़कियों संग आपत्तिजनक हालत में मिले दो युवक

Deh Vyapar in Spa Center: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महिला पुलिस ने अमंत्रा स्पा सेंटर पर देह व्यापार की सूचना पर छापामार कार्रवाई की. इस दौरान दो युवतियां और दो युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले . बताया जाता है कि ये युवतियां थाईलैंड की है. हालांकि, पुलिस अभी इसकी पुष्टि करने की बात कह रही है. छापे के दौरान स्पा सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Bhind Lady Beaten by Police: भिंड में बुजुर्ग महिला से पुलिस बल ने की मारपीट!

Madhya Pradesh Hindi News: भिंड जिले के रौंन के मछंड चौकी के लारौल गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ और झूठे मुकदमे में फंसाने के आरोपों ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी डॉ असित यादव ने मछंड चौकी प्रभारी रविन्द्र तोमर को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Madhya Pradesh Hindi News: फ्लाईओवर पर लड़कियों ने काटा केक, आतिशबाजी की

Jabalpur Girls Celebrate Birthday on Flyover Video: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सड़कों, फ्लाईओवर पर रीलबाजी थम नहीं रही है. फ्लाईओवर पर युवा सड़क पर बर्थडे सेलेब्रेट करते हैं और आतिशबाजी करते हैं. इससे उनकी खुद के साथ राहगीरों की जान को खतरा बन जाता है. एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें कुछ लड़कियां फ्लाईओवर पर केक काटते हुए जन्मदिन मना रही हैं और आतिशबाजी कर रही है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस रील बनाने वाले यूजर की तलाश कर रही है. बता दें कि जबलपुर में रानी दुर्गावती फ्लाईओवर पर रील बनाने पर कई रीलबाजों पर कार्रवाई हो चुकी है.

MP News in Hindi: छात्रों का हुड़दंग, सूबेदार को पटका, टैरेफिक सिपाही से की झूमाझटकी

Gwalior Students Clash while Playing Holi: ग्वालियर में स्कूली छात्रों ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के महल जय विलास के सामने जबरदस्त हंगामा किया. इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक सिपाही और एक सब इंस्पेक्टर के साथ भी झूमा झटकी की. बाद में पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया और हंगामा करने वाले स्कूली छात्रों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बताया गया कि महल गेट के सामने से होली के रंग अबीर में सने स्कूटी और बाइक पर बैठे लगभग 8 छात्र ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते निकले. इनमे ज्यादातर नाबालिग थे. मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने छात्रों को रोकने की कोशिश की तो छात्रों ने ट्रैफिक सूबेदार को जमीन पर पटक दिया.

Madhya Pradesh News: रेत माफिया का आतंक, वनरक्षक पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास

Sand Mafia in Datia: मध्य प्रदेश के दतिया जिले में अवैध रेत उत्खनन (Illegal Sand Mining) के खिलाफ कार्रवाई के दावों के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. रेत माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने शासकीय ड्यूटी कर रहे वनरक्षक पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या का प्रयास किया. घटना 1 मार्च की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार वनरक्षक अंकुर श्रीवास्तव अवैध उत्खनन की सूचना पर हिनोतिया क्षेत्र में कार्रवाई के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया. आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने वनरक्षक के ऊपर वाहन चढ़ाने की कोशिश की. इसके बाद अन्य लोगों के साथ मिलकर वन कर्मचारी के साथ मारपीट की गई. इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान वर्दी फाड़ दी, और नकदी छीन ली. साथ ही मोबाइल महुअर नदी में फेंक दिया.

MP News in Hindi: भोपाल के करोंद चौराहे पर जमकर हंगामा

Bhopal Ruckus: भोपाल के करोंद चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ, जब एक दिव्यांग व्यक्ति ने लाल बस पर ईंट मारकर कांच तोड़ दिया. बस ड्राइवर-कंडक्टर और दिव्यांग के बीच सड़क पर मारपीट हुई. दिव्यांग ने ड्राइवर पर धक्का देने का आरोप लगाया, जबकि ड्राइवर ने आरोपों से इनकार किया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यक्ति नशे की हालत में था.

हंगामे के कारण करोंद से भानपुर रोड तक यातायात प्रभावित रहा. पास में चौकी होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस नहीं पहुंची और निशातपुरा थाना पुलिस भी देर तक मौके पर नहीं आई. सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक घटनाक्रम चलता रहा. लोकल लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। मामले में किसी गंभीर घायल की सूचना नहीं है. घटना का वीडियो आसपास के लोगों ने बनाया है.

Madhya Pradesh Hindi News: अवैध शराब फैक्ट्री से जुड़े फरार कारोबारी को एक्साइज टीम ने हरियाणा से दबोचा

Gwalior Hindi News: ग्वालियर के घाटीगांव में एक फार्म हाउस पर हरियाणा के कांग्रेस नेता के साथ मिलकर अवैध शराब फैक्ट्री (Illegal Loquor Factory) लगाने वाले अमित कुमार को आबकारी टीम ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है. 26 अक्टूबर को टीम ने छापा मारकर 7 करोड़ के करीब अवैध शराब, मशीन और अन्य सामान पकड़ा था. इस मामले में हरियाणा के कांग्रेस नेता रणदीप मालिक और ग्वालियर के नेता सुरेंद्र तोमर फरार है. इस मामले में फरार आरोपियों में मंजेश कंजर और राज हुड्डा के नाम भी शामिल किए गए हैं. वही, टीम ने आरोपी अमित से पूछताछ कर उसे जेल  भेज दिया है.

Railway Recruitment : 6 लाख में खरीदी थी रेलवे की नौकरी, ऐसे किया था खेला

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के जबलपुर (Jabalpur) में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जबलपुर टीम ने रेलवे भर्ती में फर्जीवाड़ा कर नौकरी हासिल करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी बिहार के मुंगेर जिले के निवासी हैं. आरोप है कि टेक्नीशियन पद पर नौकरी दिलाने के लिए 6 लाख रुपये का सौदा किया गया था. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Indian Railway: होली से पहले भोपाल में रेल यात्रियों की उमड़ी भीड़

होली (Holi) के त्योहार पर रेल में यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है. लिहाजा, यात्री गाड़ी से लेकर प्लेटफार्म तक पर बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं. होली पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा व्यापक और बहुस्तरीय भीड़ प्रबंधन योजना प्रभावी रूप से लागू की गई है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Madhya Pradesh News: भोपाल में 1500 जगहों पर होलिका दहन, शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

भोपाल में करीब 1500 स्थानों पर होलिका दहन हो गया. होलिका दहन के साथ रंगोत्सव की शुरुआत हो गई, लेकिन चंद्र ग्रहण के चलते अधिकतर जगहों पर आज होली का कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाया है. चंद्रग्रहण के बाद कल यानी 4 मार्च को रंग-गुलाल के साथ होली खेली जाएगी. शहर के अलग-अलग इलाकों में चल समारोह निकलेगा. इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं. इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहेगा. 2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी शहर में चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए रखेंगे.

पुलिस हर एक चौराहे पर ड्रोन कैमरों से निगरानी करेगी. शहर के अलग-अलग इलाकों में चेक पॉइंट बनाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. होली पर हुड़दंग करने वाले पर भी पुलिस सख्ती से निपटेगी.

रायपुर में आयोजित होगा प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 27-28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन होने जा रहा है. ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर कार्यक्रम होगा. इसको लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में तैयारियों के लिए उच्चस्तरीय बैठक हुई है. विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़वासियों को सम्मेलन में आमंत्रित किया जाएगा. प्रवासियों के पंजीयन के लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है. सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति और परंपरा से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. साथ ही उत्कृष्ट कार्य कर राज्य का नाम रोशन करने वाले प्रवासियों को भी सम्मानित किया जाएगा.

विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़िया युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र में दिशा देंगे. निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रवासियों के साथ एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे. सम्मेलन में मेहमानों को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे जाएंगे.

Madhya Pradesh Hindi News: इंदौर में मृतक सफाई कर्मियों के परिजनों को मिलेगी 30 लाख की सहायता राशि

Indore Sewer Cleaning Death: इंदौर में सीवर सफाई के दौरान हादसे में करण और अजय नामक सफाई कर्मचारियों (Compensation to Sweepers) की मौत पर 30– 30 लाख रुपये सहायता राशि की घोषणा की गई है. सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2023 में सीवर से जुड़ी मौत पर 30 लाख की आर्थिक सहायता का 2023 में फैसला दिया था. साथ ही मुख्यमंत्री ने चोइथराम अस्पताल के गेट के पास घटित हुई घटनाओं पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने प्रभावितों को 30-30 लाख की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.

MP Hindi News: कार सर्विस सेंटर में LPG वैन में लगी आग

Fire in Car Neemuch: मध्य प्रदेश में नीमच शहर के व्यस्ततम महू रोड स्थित A To Z Car Service Center में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सर्विस के लिए खड़ी एलपीजी किट युक्त एक मारुति वैन में अचानक आग लग गई. गनीमत रही कि सर्विस सेंटर के कर्मचारियों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे वैन में लगा गैस सिलेंडर फटने से बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया.

Madhya Pradesh Hindi News: खड़ी क्रेन से टकराई कार, तीन युवकों की मौत

Car Collide with Crain in Betul: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में इटारसी रोड स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास सोमवार-मंगलवार की रात करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया.बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.  इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए. मृतकों में ऋतिक सोलंकी (30) निवासी गर्ग कॉलोनी, विनय प्रजापति (21) निवासी रामनगर और अभय ठाकुर (22) निवासी रामनगर शामिल हैं. वहीं, देवा पांडे (32) निवासी गंज और आकाश पाल (30) निवासी रामनगर का जिला अस्पताल में उपचार जारी है.

Lunar Eclipse 2026: मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा चंद्रग्रण

Chandra Grahan 2026 in Madhya Pradesh-Chhattisgarh: वर्ष 2026 का पहला चंद्रग्रहण आज (3 मार्च) पड़ रहा है. हिंदू पंचांग के अनुसार, यह खग्रास चंद्रग्रहण है. इस ग्रहण का सूतक (Sutak) सुबह 06:20 पर प्रारंभ हो गया. ग्रहण का स्पर्श भारतीय समयानुसार दोपहर 3:20 बजे होगा और मोक्ष शाम को 06:47 बजे होगा. सूतक लगते ही मंदिरों के पट बंद हो गए. शाम को ग्रहण का मोक्ष होने के बाद पहले मंदिरों को धोया जाएगा और उसके बाद शयन आरती के समय लगभग साढ़े सात बजे से मंदिरों के पट खुलने का सिलसिला शुरू होगा.

भारतीय समय के अनुसार, ग्रहण दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा, लेकिन उस समय भारत में चंद्रमा दिखाई नहीं देगा. भारत में चंद्रमा का उदय शाम लगभग 6:26 से 6:32 बजे के बीच होगा और उसी समय ग्रहण का अंतिम चरण चल रहा होगा. ग्रहण करीब 6:46 से 6:47 बजे के बीच समाप्त हो जाएगा. यानी भारत में यह चंद्र ग्रहण केवल 15 से 20 मिनट के लिए ही दिखाई देगा. वहीं, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 06:19 बजे, भोपाल में 06:24 बजे, इंदौर/उज्जैन में 06:30 बजे चंद्रग्रहण दिखाई देगा. छत्तीसगढ़ में भी चंद्रग्रहण 06:15 बजे के बाद दिखाई देगा. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

MP Hindi News: स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, थाईलेंड की दो युवतियां भी मिली

Gwalior Spa Center Deh Vyapar: ग्वालियर में महिला पुलिस ने अमंत्रा स्पा सेंटर पर देह व्यापार की सूचना पर की गई छापामार कार्रवाई में दो युवतियां और दो युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले. युवतियां थाईलैंड की बताई जा रही हैं. हालांकि, पुलिस अभी इसकी पुष्टि करने की बात कह रही है. छापे के दौरान स्पा सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है. महिला पुलिस टीम ने स्पा संचालक, दो युवतियां और ग्राहक  युवकों को हिरासत में लिया है. यह स्पा सेंटर पड़ाव थाना क्षेत्र के विकास नगर में संचालित किया जा रहा था. पुलिस गिरफ्तार पांचों आरोपियों से पूछताछ में जुड़ गई है.

CG Hindi News: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी

Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ में भी अब गर्मी बढ़ने लगी है. रायपुर में तापमान सोमवार को 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है. सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 14.4 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, रायपुर में आज तापमान 36 डिग्री के पार रह सकता है. इसके अलावा रात के तापमान में वृद्धि होने से गर्मी भी बढ़ने लगी है.

MP News in Hindi: 'हम होली नहीं मनाएंगे, क्योंकि हमारी होलिका बहन को जलाया'

Holi Celebration 2026: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में दामोदर यादव की संकल्प यात्रा के दौरान गांधी चौक पर एक सभा में पूर्व विधायक आरडी प्रजापति (RD Prajapati) ने होली न मनाने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि कोई होली नहीं मनाएगा, क्योंकि हमारी बहन होलिका को जलाया गया था. कल कोई भी अबीर नहीं लगाएगा. पूर्व विधायक ने हद तो तब पार दी, जब उन्होंने कहा कि जो होली मनाएगा वो... उन्होंने होली खेलने वालों को आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया. बता दें कि आरडी प्रजापति छतरपुर जिले की चंदला विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं और फिलहाल समाजवादी पार्टी में हैं.

Madhya Pradesh Hindi News: भिंड में महिला विकास विभाग के बाबू की हत्या

Murder in Bhind: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में महिला बाल विकास विभाग (Women and Child Development Department) के बाबू की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि शराब पार्टी के दौरान दोस्तों ने हत्या कर दी. पार्टी में शामिल दोस्तों से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था. शख्स का रानी के ताल पर शव मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है और जांच में जुट गई है. कई लोगों को कोतवाली थाना पुलिस ने हिरासत में भी लिया है. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Chandra Grahan 2026: चंद्र ग्रहण का असर: बाबा महाकाल को अर्पित नहीं होगा जल!

Lunar Eclipse 2026: चंद्र ग्रहण के प्रभाव के कारण इस बार उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर (Mahakal Mandir) में एक खास व्यवस्था रहेगी. ग्रहण के दौरान बाबा महाकाल को जल अर्पित नहीं किया जाएगा. ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि सूतक और भद्रा के चलते पूजा-विधि में सावधानियां जरूरी हैं. मंदिर के पट तय समय पर खुले और तड़के भस्म आरती भी हुई, लेकिन ग्रहण लगते ही गर्भगृह में प्रवेश रोक दिया जाएगा. क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

Madhya Pradesh Weather News: मौसम मजा बिगाड़ सकता है, तैयारी रखें

Rain in MP: आईएमडी के ताज़ा आकलन के अनुसार, मध्य प्रदेश में मार्च के पहले सप्ताह में कई जगह हल्की बारिश की संभावना है, जबकि दूसरे सप्ताह से तापमान तेजी से चढ़ सकता है. कई जिलों में दिन का पारा पहले ही 35°C के पार है. खरगोन के आसपास अधिकतम 35.2°C दर्ज हुआ और अगले चार दिनों में 2–4°C तक बढ़ोतरी का अनुमान है. रंगों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों के लिए सुबह‑सुबह का समय बेहतर होगा. पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखें, हल्के कपड़े पहनें, सनस्क्रीन/टोपी का उपयोग करें और ट्रैफिक‑एडवाइजरी का पालन करें.

Close