Pickup Van Overturns: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में गुरुवार को खदान मजदूरों को ले जा रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे पिकअप वैन में सवार एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 30 खदान मजदूर घायल हो गए. पिकअप वैन ब्रेक फेल होने पलटी, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की तत्काल मौत हो गई. हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है..
ये भी पढ़ें-Good News: युवाओं को घर में मिलेगा रोजगार, जर्मन कंपनी हेटिक इंडिया ने शुरू किया नया कारखाना, 700 करोड़ रुपए किया निवेश
ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप वैन
रिपोर्ट के मुताबिक हादसा नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र में स्थित आमदई माइंस में उस समय हुआ, जब मजदूरों को लेकर एक पिकअप वाहन माइंस के टॉप हिल की ओर बढ़ रही थी. बताया जा रहा है कि पहाड़ी मार्ग पर चढ़ाई के दौरान पिकअप वाहन का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके बाद वाहन पीछे की ओर तेजी से लुढ़कने लगी और ड्राइवर के नियंत्रण खोने के बाद मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई.
बिहार निवासी मजदूर की दुर्घटना में मौके पर हुई मौत
गौरतलब है हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में बिहार निवासी मजदूर राम अयोध्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 30 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

घायल खदान मजदूरों को लेकर अस्पताल पहुंचे स्थानीय लोग
वाहन में मजदूरों की संख्या अधिक होने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में घायल कई मजदूरों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल नारायणपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में मजदूरों की संख्या अधिक होने और पहाड़ी मार्ग पर तकनीकी खराबी के कारण हादसा हुआ.