Nagaud Boy Dramatic Story: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में 212वीं रैंक लाकर सुर्खियों में आए यशवर्धन सिंह को लेकर बनी असमंजस की स्थिति अब स्पष्ट हो गई है. सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम की घोषणा के बाद यशवर्धन सिंह की सफलता को लेकर पड़ोसियों के साथ पूरे परिवार ने पूरे दिन जश्न मनाएं और एकदूसरे को मिठाई बांटी, लेकिन सामने आई सच्चाई ने उनकी खुशियों पर पानी फेर दिया.
ये भी पढ़ें-Weather Of MP: एमपी में इस बार होश उड़ाएगी गर्मी, इंदौर में पिघला रनवे, भोपाल डायवर्ट की गईं फ्लाइट्स
212वीं रैंक लाने वाला यशवर्धन सिंह कोई और है सुनकर लोगों के चेहरों पर रंग बदल गए
रिपोर्ट के मुताबिक सारा कंफ्यूजन एक जैसे नाम को लेकर हुआ. सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल रिजल्ट की बांट जोह रहे नागौद क्षेत्र के यशवर्धन सिंह को अपने चयन की सूचना किसी से मिली. खबर जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई. यशवर्धन सिंह को बधाई देने लोग घर पहुंचे. परिवार में जश्न का माहौल था, लेकिन जब पता चला कि 212वीं रैंक लाने वाला यशवर्धन सिंह कोई और है, तो चेहरों पर खुशी के रंग बदल गए.
एक जैसे नामों से हुए असमंजस को दूर करने के लिए यूपीएससी को आगे आना पड़ गया
गौरतलब है एक जैसे नाम से हुए असमंजस को दूर करने के लिए यूपीएससी को आगे आना पड़ा. दावा है कि यूपीएससी द्वारा साझा विवरण में बताया गया कि 212वीं रैंक प्राप्त करने वाला अभ्यर्थी ओबीसी वर्ग से हैं, जबकि नागौद के परसवारा निवासी यशवर्धन सिंह सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी हैं. यूपीएससी के विवरण से स्पष्ट हो गया कि नागौद निवासी अभ्यर्थी का नाम अंतिम चयन सूची में नहीं, बल्कि रिजर्व लिस्ट में शामिल है.
24 मई को होने वाली यूपीएससी 2026 की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होंगे यशवर्धन सिंह
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए यशवर्धन सिंह के परिवार का कहना है कि यशवर्धन सिंह अपनी तैयारी जारी रखे हुए हैं और वे आगे भी प्रयास कर रहे हैं. यशवर्धन सिंह आगामी 24 मई को होने वाली वर्ष 2026 की यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में भी शामिल होंगे. परिवार और क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि आने वाले प्रयासों में उन्हें निश्चित रूप से सफलता मिलेगी.