Ratlam Gas Cylinder Action: रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण (Illegal Gas Cylinder Storage) और रिफिलिंग (Gas Cylinder Refilling Racket) के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार 11 मार्च को बड़ी कार्रवाई की. ग्रामीण तहसीलदार आशीष उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नामली क्षेत्र स्थित एक सर्विस सेंटर पर छापामार कार्रवाई करते हुए 22 भरे और 9 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यहां बिना अनुमति गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा था और गैरकानूनी तरीके से रिफिलिंग का काम भी चल रहा था.
गैरकानूनी रिफिलिंग का केंद्र बना सर्विस सेंटर
अधिकारियों के अनुसार, छापे के दौरान सर्विस सेंटर में अलग-अलग कंपनियों के गैस सिलेंडर रखे मिले, जिनका न तो कोई रिकॉर्ड उपलब्ध था और न ही किसी प्रकार की अनुमति. मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि लंबे समय से यहां चोरी-छिपे रिफिलिंग की जा रही थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी. प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार का अवैध भंडारण आगजनी जैसे बड़े हादसे को जन्म दे सकता था.
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर मिशा सिंह ने जांच के निर्देश दिए थे. निर्देशों के बाद गठित संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह छापा मारकर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया. प्रशासन के अनुसार जिले में इस तरह की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया गया है.
क्षेत्र में हड़कंप, जांच जारी
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों में चर्चा है कि इस सर्विस सेंटर पर लंबे समय से अवैध रिफिलिंग का काम चलता था, लेकिन डर के चलते कोई शिकायत नहीं करता था. फिलहाल प्रशासन जब्त सिलेंडरों के स्रोत की जांच कर रहा है—ये सिलेंडर कहां से लाए गए थे, इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता थी और इस नेटवर्क का संचालन कैसे किया जा रहा था.
संचालक पर एफआईआर के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सर्विस सेंटर संचालक फैयाज मंसूरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं. पुलिस अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही अन्य संबंधित लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है.
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: 13 मार्च को लाडली बहना की 34वीं किस्त; CM मोहन भितरवार से देंगे करोड़ों रुपये की सौगात
यह भी पढ़ें : PM Kisan Yojana: 13 मार्च को पीएम किसान की 22वीं किस्त; करोड़ों अन्नदाताओं को दो-दो हजार, ऐसे चेक करें लिस्ट
यह भी पढ़ें : EV Policy MP: चार्जिंग स्टेशन पर 30% तक अनुदान; इलेक्ट्रिक वाहनों की सब्सिडी के लिए ऐसे करें आवेदन
यह भी पढ़ें : शहडोल कलेक्टर का फार्म हाउस बना जुए का अड्डा; मानपुर पुलिस की Raid, 18 गिरफ्तार 5 फरार, जानिए कितना कैश मिला?