विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2023

उज्जैन : एनडीआरएफ के जवान की जांबाजी, शिप्रा नदी में डूब रहे दो लोगों को बचाया

एनडीआरएफ के जवान ने शिप्रा नदी में डूब रहे दो लोगों को डूबने से बचाया. प्रशासन की निष्क्रियता से पिछले दो महीने में शिप्रा नदी में डूब चुके हैं कई लोग.

उज्जैन : एनडीआरएफ के जवान की जांबाजी, शिप्रा नदी में डूब रहे दो लोगों को बचाया
एनडीआरएफ का जवान दोनों को बचाते हुए

उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए आया एक युवक शुक्रवार को शिप्रा नदी में डूबने लगा. इस युवक को बचाने के लिए एक होमगार्ड जवान नदी में कूदा लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि ये जवान भी नदी में डूबने लगा. गनीमत ये रही कि एनडीआरएफ की टीम ने दोनों को बचा लिया. बताया जा रहा है कि भोपाल का रहने वाला 17 साल का युवक, अपने परिवार वालों के साथ महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आया था. शुक्रवार की सुबह ये युवक शिप्रा नदी में नहाने के लिए गया था, इस दौरान इसका पैर फिसल गया और वो नदी में डूबने लगा. युवक को डूबते देख इसके परिजन चिल्लाने लगे. परिजनों की आवाज सुनकर यहां तैनात हौमगार्ड महेश प्रजापत, नदी में कूद पड़ा. लेकिन वो होमगार्ड जवान भी नदी में डूबने लगा. दोनों को डूबता देख मौके पर मौजूद एनडीआरएफ का एक जवान भी नदी में कूद गया और दोनों को बचाकर नदी से बाहर ले आया.

दो महीने में 6 लोगों की हुई है मौत

इस घटना का वीडियो डूब रहे युवक के परिजनों ने बना लिया जिसे बाद में सोशल मीडिया में डाल दिया. शिप्रा नदी में स्नान के लिए हर दिन कई श्रद्धालु आते हैं लेकिन घाट में काई जमी होने के कारण और नदी की गहराई की जानकारी नहीं होने के कारण पिछले दो महीने के दौरान करीब आधा दर्जन श्रद्धालुओं की नदी में डूबने से मौत हो चुकी है.
ये उज्जैन प्रशासन के लिए बड़ी शर्म की बात है, प्रशासन को इसके लिए कोई ठोस कदम उठाने की जरूरत है. कम से कम यहां 24 घंटे एक या दो एनडीआरएफ के जवानों को रहना चाहिए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com