मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के लिए 24 मार्च का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार यहां ट्रेन की सीटी गूंजी. दरअसल, सालों की प्रतीक्षा के बाद नागौद और फुलवारी के बीच सफल रन ट्रायल ने क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगा दी है. यह पल न केवल रेलवे के इतिहास में, लोगों का कहना है कि पन्ना के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ.
कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी की मौजूदगी में आयोजित इस ट्रायल रन को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे. जैसे ही ट्रेन ने पन्ना की धरती पर पहली बार रफ्तार पकड़ी, लोगों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला. यह दृश्य केवल एक तकनीकी परीक्षण नहीं था, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए लंबे इंतजार के बाद मिली एक बड़ी सौगात जैसा था.
सतना-पन्ना रेल परियोजना: विकास की नई धुरी
करीब 74 किलोमीटर लंबी सतना-पन्ना रेल परियोजना को पन्ना जिले के लिए ‘गेम चेंजर' माना जा रहा है. यह परियोजना ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन का हिस्सा है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी. इस परियोजना के पूरा होने से व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है. पन्ना, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और खनिज संसाधनों के लिए जाना जाता है, ऐसे में ये उम्मीद जताई जा रही है कि अब बेहतर परिवहन सुविधा के साथ नए अवसरों की ओर बढ़ेगा.
ट्रैक और स्टेशन निर्माण में तेज प्रगति
अब तक इस परियोजना के तहत लगभग 45 किलोमीटर ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है. वहीं, प्रस्तावित 7 स्टेशनों में से 4 करही, बरेठिया, नागौद और फुलवारी तैयार हो चुके हैं. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को कई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा है. शुरुआती लागत 919 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर लगभग 1600 करोड़ रुपये तक पहुंच गई. इसके साथ ही समय सीमा में भी बदलाव देखने को मिला. इसके बावजूद रेलवे अब दिसंबर 2026 तक इस परियोजना को पूरा करने के लक्ष्य के साथ तेजी से काम कर रहा है.
यह भी पढ़ें- जन्मदिन से पहले CM मोहन यादव ने दतिया को दी करोड़ों की सौगात; किसान सम्मेलन में किए बड़े ऐलान
पन्ना में ट्रेन का आगमन केवल एक नई परिवहन सुविधा नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के विकास, रोजगार और कनेक्टिविटी के नए युग की शुरुआत है. यह परियोजना आने वाले समय में पन्ना को राज्य और देश के अन्य हिस्सों से बेहतर तरीके से जोड़ते हुए आर्थिक समृद्धि और सामाजिक विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी.
यह भी पढ़ें- रेलवे ने बदले टिकट कैंसिलेशन नियम; अब समय के हिसाब से मिलेगा रिफंड, बोर्डिंग चेंज करने का टाइम भी बदला