Madhya Pradesh News: रतलाम जिले के जावरा और ताल थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में महिलाओं से मंगलसूत्र, पर्स और मोबाइल छीनने की लगातार हो रही वारदातों का रतलाम पुलिस ने खुलासा कर दिया है. अंतरजिला स्तर पर सक्रिय चेन स्नैचिंग गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह गिरोह रतलाम, आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा था.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों ने 5 फरवरी को जावरा थाना क्षेत्र, 6 फरवरी को ताल, आलोट और बड़ोद तथा 7 फरवरी को सुसनेर (जिला आगर-मालवा) और जीरापुर (जिला राजगढ़) में काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र, पर्स और मोबाइल छीने थे.

एसपी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई. टीम में विभिन्न थानों की पुलिस, साइबर सेल और सीसीटीवी विशेषज्ञों को शामिल किया गया.
सीसीटीवी और साइबर इनपुट से मिली सफलता
घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों के रूट ट्रैक किए गए. फुटेज से प्राप्त तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया. साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें भोपाल से गिरफ्तार किया गया.
ये आरोपी गिरफ्तार
- विजय डिण्डोरिया (21)- भोपाल के रातीबड़ का रहने वाला है.
- राजा खान (23)- भोपाल के नेहरू नगर कोटरा का रहने वाला
- भोपाल के न्यू अंबेडकर नगर निवासी लक्की मृदुन (23)
- भोपाल के दानेश कुंज निवासी मयंक कुमार (40)
आपराधिक रिकॉर्ड चौंकाने वाला
पुलिस के अनुसार, आरोपी लक्की के खिलाफ मारपीट, लूट, चोरी, नकबजनी, अवैध हथियार, छेड़छाड़ और अवैध वसूली सहित 28 मामले दर्ज हैं. राजा खान पर चोरी, नकबजनी और दुष्कर्म सहित 7 अपराध दर्ज हैं. विजय डिण्डोरिया पर लूट, अवैध शराब तस्करी, चोरी और नकबजनी सहित 6 प्रकरण दर्ज हैं.
आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उनकी जमानत निरस्तीकरण के लिए संबंधित न्यायालय में पत्र प्रेषित किया गया है. पुलिस अन्य मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें: MP-Chhattisgarh News Live: CM विष्णु देव साय पहुंचे चिरमिरी पोड़ी, स्थानीय लोगों ने किया भव्य स्वागत