विज्ञापन

भिंड में कावड़िया की मौत पर बवाल: NH-719 पर शव रखकर 5 घंटे चक्काजाम, पुलिस से झड़प, DIG के आश्वासन पर खुला जाम

Bhind NH-719 Blocked: लगातार मौतों से लोगों में भारी नाराजगी है. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भिंड-ग्वालियर NH-719 पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में 12 लोगों की मौत हो चुकी है.

भिंड में कावड़िया की मौत पर बवाल: NH-719 पर शव रखकर 5 घंटे चक्काजाम, पुलिस से झड़प, DIG के आश्वासन पर खुला जाम

Bhind NH-719 Blocked: भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 719 पर कावड़िया युवक की दर्दनाक मौत के बाद सोमवार को शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला. मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को रखकर इंद्रा गांधी तिराहे पर चक्काजाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने करीब 5 घंटे तक हाईवे पर बैठकर जाम रखा और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “कलेक्टर मुर्दाबाद” के नारे लगाए और कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे. बताया जा रहा है कि परिजन किसी भी अधिकारी की बात मानने को तैयार नहीं थे और लगातार कलेक्टर से मौके पर आने की मांग करते रहे.

कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े रहे प्रदर्शनकारी

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एडीएम के.एल. पांडेय पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. उनका कहना था कि वे पहले भी हाईवे पर लगातार हो रही मौतों को लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें एसडीएम और अन्य अधिकारियों पर भरोसा नहीं है, इसलिए कलेक्टर को मौके पर बुलाया जाए. लेकिन कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा परिजनों से मिलने नहीं पहुंचे, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.

Latest and Breaking News on NDTV

स्कूल वैन रोकी, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झूमाझटकी

चक्काजाम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने छात्रों से भरी स्कूल वैन को भी रोक दिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. स्कूल वैन को निकलवाने के प्रयास में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई. मौके पर जमकर झूमाझटकी हुई और कुछ देर के लिए हालात बिगड़ गए. इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल बुलाया गया.

भारी पुलिस फोर्स, लाठी-डंडे और वाटर कैनन की तैयारी

चक्काजाम खुलवाने के लिए मौके पर लाठी-डंडे लेकर भारी पुलिस फोर्स पहुंची. हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए वाटर कैनन के लिए दमकल वाहन भी बुला लिया गया. घटनास्थल पर तनाव का माहौल बना रहा और पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटी रही. डीआईजी असित यादव पहुंचे, स्थिति बिगड़ती देख डीआईजी असित यादव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की. डीआईजी ने परिजनों को कलेक्टर से बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
डीआईजी के आश्वासन के बाद परिजन और प्रदर्शनकारी मान गए और करीब 5 घंटे से लगे जाम को हटाया गया. इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू किया गया.

परिजनों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से-

  • मृतक परिवार को आर्थिक सहायता
  • मृतक के भाई को सरकारी नौकरी
  • मृतक की बेटियों की शादी के लिए सरकारी सहायता और बायपास हाईवे पर इंद्रा गांधी तिराहे से सुभाषचंद्र तिराहे तक डिवाइडर निर्माण हाईवे पर स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था.

भिंड-ग्वालियर NH-719 को फोरलेन करने की मांग

लगातार मौतों से लोगों में भारी नाराजगी है. प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भिंड-ग्वालियर NH-719 पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में 12 लोगों की मौत हो चुकी है. लोगों का कहना था कि हाईवे को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. प्रदर्शनकारियों ने पक्ष और विपक्ष दोनों नेताओं को लगातार हो रही मौतों का जिम्मेदार ठहराया. इस दौरान सांसद संध्या राय के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की गई.

कैसे हुआ था हादसा?

यह पूरा मामला शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, भिंड बायपास मेला के सामने दूध से भरे तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार कावड़िया को जोरदार टक्कर मार दी थी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान आकाश भदौरिया के रूप में हुई. आकाश महाशिवरात्रि के अवसर पर कावड़ चढ़ाकर गोविंद नगर में मौसी के घर गंगाजल देने जा रहा था. घटना के बाद मौके से भाग रहे दूध से भरे टैंकर को पुलिस ने पकड़ लिया. चालक को गिरफ्तार कर लिया गया और कोतवाली थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया गया.

फिलहाल यातायात बहाल, लेकिन आक्रोश बरकरार

डीआईजी के आश्वासन के बाद चक्काजाम हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया. हालांकि बायपास हाईवे पर लगातार हो रही मौतों को लेकर लोगों में आक्रोश अभी भी बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: SDM Karun Dahriya Arrested: हत्या के आरोप में कुसमी एसडीम करुण डहरिया सहित चार आरोपी गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close