विज्ञापन

राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा अपडेट! सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक को मिली क्लीन चीट, चार्जशीट से हटे नाम

इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. शिलांग पुलिस की चार्जशीट में सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक के नाम शामिल नहीं किए गए हैं और उन्हें सबूतों के अभाव में क्लीन चीट दी गई है.

राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा अपडेट! सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक को मिली क्लीन चीट, चार्जशीट से हटे नाम

Raja Raghuvanshi Murder Case Update: इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब एक बड़ा और अहम मोड़ सामने आया है. मामले की जांच पूरी होने के बाद दाखिल की गई चार्जशीट में दो नाम सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक शामिल नहीं किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि सबूतों के अभाव में दोनों को क्लीन चीट दी गई है. हालांकि, इसको लेकर परिवार की राय थोड़ी अलग नजर आ रही है.

पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस ने सोनम के साथ उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया. फिलहाल इस मामले में सोनम, राज कुशवाहा, आनंद, आकाश और विशाल पुलिस की हिरासत में हैं. सभी से अलग‑अलग एंगल पर पूछताछ की जा रही है और जांच अभी भी जारी है.

सुरक्षा गार्ड और मकान मालिक को क्लीन चीट

इस हाई‑प्रोफाइल केस में अब एक अहम बदलाव सामने आया है. शिलांग पुलिस द्वारा दाखिल अंतिम चार्जशीट में सुरक्षा गार्ड बलबीर अहिरवार उर्फ बल्लू और संपत्ति मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर के नाम शामिल नहीं किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इनके खिलाफ ठोस सबूत नहीं मिले, इसलिए इन्हें क्लीन चीट दी गई है.

एसपी ने बताया गिरफ्तारी की वजह

पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम ने बताया कि जांच के शुरुआती चरण में मजबूरीवश इन दोनों की गिरफ्तारी की गई थी. हालांकि, बाद में पर्याप्त सबूत न मिलने पर उन्हें चार्जशीट से बाहर रखा गया.

परिवार ने उठाए सवाल

वहीं राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी का कहना है कि भले ही चार्जशीट में इन दोनों के नाम न हों, लेकिन उन्हें पूरी तरह बरी नहीं किया गया है. परिवार अब भी मामले में निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रहा है.

हनीमून ट्रिप से शुरू हुई रहस्यमयी कहानी

दरअसल, राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी. शादी के कुछ ही दिनों बाद, 20 मई को दोनों हनीमून के लिए इंदौर से रवाना हुए. वे पहले बेंगलुरु पहुंचे, फिर गुवाहाटी गए, जहां मां कामाख्या के दर्शन किए. इसके बाद 23 मई को दोनों मेघालय के शिलांग पहुंचे.

शिलांग में टूटा संपर्क, आखिरी लोकेशन ओसरा हिल

शिलांग पहुंचने के बाद शुरुआत में दोनों का परिवार से संपर्क बना रहा, लेकिन कुछ समय बाद अचानक बातचीत बंद हो गई. पुलिस जांच में दंपति की आखिरी लोकेशन शिलांग के संवेदनशील इलाके ओसरा हिल में मिली. वहीं उनकी किराए की एक्टिवा भी लावारिस हालत में बरामद हुई, जिससे मामला और गंभीर हो गया.

गहरी खाई से मिला राजा का शव

पुलिस द्वारा लगातार की जा रही तलाश के दौरान राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ. इसके बाद मामला हत्या में बदल गया. वहीं पत्नी सोनम की तलाश तेज कर दी गई. बाद में सोनम के मिलने के बाद जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात की मास्टरमाइंड सोनम ही थी.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close