
CM Mohan Yadav Shivpuri Visit: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को नरवर के ऐतिहासिक राजा नल दमयंती के किले को लोड़ी माता मंदिर से जोड़ने के लिए रोपवे योजना को मंजूरी दे दी है. शिवपुरी जिले में स्थित यह जगह लोगों के लिए काफी लाभदायक रहेगी. स्थानीय लोग इसकी वर्षों से मांग कर रहे थे. उन्होंने कहा कि राजा नल दमयंती के ऐतिहासिक महत्व के स्मारक को सहेज कर मध्य प्रदेश की धरती सदैव गौरवान्वित महसूस करती है.

सीएम ने करीब 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि पूजन कर जनता को विकास कार्यों की सौगात दी. उन्होंने स्थानीय लोगों से कहा कि वे सदैव विकास के पक्षधर हैं और मध्य प्रदेश की सरकार केंद्र सरकार के सहयोग के साथ मिलकर क्षेत्र और प्रदेश का लगातार विकास करती रहेगी.
मातृशक्ति ही खुशहाली और समृद्धि का आधार...
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 27, 2025
आज नरवर, जिला शिवपुरी में सेवा पखवाड़ा अंतर्गत 'महिला सम्मेलन में सहभागिता कर ₹48.90 करोड़ की लागत के 9 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं ₹136.67 करोड़ के 56 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन कर शिवपुरी के सर्वांगीण विकास के संकल्प को गति दी।… pic.twitter.com/Yi0xy2BLaF
लाड़ली बहनों को दिवाली से मिलेंगे 1500 महीने
प्रदेश के मुखिया डॉक्टर मोहन यादव ने लाडली बहनों से संवाद करते हुए कहा कि लाडली बहनों को दिवाली से मध्य प्रदेश सरकार 1250 की जगह हर महीने 1500 देने जा रही है. उन्होंने कहा कि यह राशि मध्य प्रदेश की महिलाओं को सबल बनाकर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने का काम कर रही है.
कांग्रेसी करते हैं महिलाओं का अपमान
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कांग्रेस पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेसी लगातार महिलाओं का अपमान करते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेसी तो यहां तक कहते हैं कि मध्य प्रदेश की महिलाएं शराब पीती हैं और सरकार से मिल रही राशि का दुरुपयोग करती हैं, लेकिन भाजपा केंद्र और प्रदेश सरकार हमेशा महिलाओं का सम्मान करती है. मुख्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं से कहा कि समय आने पर जब कांग्रेसी वोट मांगने आए तो उनका अपमान याद जरूर रखना.
शिवपुरी का रहने वाला हूं, शिवपुरी आया हूं- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह महाकाल की नगरी उज्जैन के रहने वाले हैं, जो शिव की नगरी है और यह नगर भी शिव की नगरी के नाम से शिवपुरी के तौर पर प्रसिद्ध है. यही वजह है कि वह शिवपुरी से शिवपुरी पहुंचे हैं.
स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए मेड इन इंडिया का दिया नारा
स्थानीय जन समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को सामने रखते हुए प्रदेश की जनता से स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल पर जोर दिया. उन्होंने इस दौरान क्षेत्रीय महिलाओं द्वारा लगाई गई भारत निर्मित सामग्री की प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनके प्रोडक्ट्स को उत्कृष्ट बताते हुए मध्य प्रदेश की धरती में कई संभावनाएं हैं.