MP Police Band Constable Recruitment 2026: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में पुलिस भर्ती (Police Recruitment) को लेकर एक दिलचस्प और अनोखी पहल सामने आई है. इस बार पुलिस विभाग बैंड आरक्षक (Band Constable) के 679 पदों पर भर्ती के लिए युवाओं को आकर्षित करने के लिए पारंपरिक प्रचार के बजाय बहुत ही अनोखा तरीका अपना रहा है. भर्ती प्रक्रिया को लेकर जागरुकता बढ़ाने के लिए प्रदेशभर में पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों का सहारा लिया जा रहा है.
पुलिस मुख्यालय भोपाल की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 अप्रैल से 19 अप्रैल तक चलेगी. इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं. विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को इस भर्ती प्रक्रिया से जोड़ना है. इसीलिए अनोखे तरीके से इसका प्रचार किया जा रहा है.
युवाओं में बढ़ा उत्साह
भर्ती के प्रचार-प्रसार के तहत विभिन्न जिलों में पुलिस बैंड के जरिए विशेष प्रस्तुतियां दी जा रही हैं. इसी कड़ी में बुधवार को आगर मालवा के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बैंड ने देशभक्ति से ओतप्रोत राष्ट्रीय गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया. इस पहल का मकसद युवाओं में जोश और उत्साह पैदा करना है, ताकि वे बड़ी संख्या में आवेदन करें.
प्रदेशभर में बैंड इकाइयों की है तैनाती
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, अलग-अलग जिलों में विभिन्न बैंड इकाइयों को तैनात किया गया है. इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, भोपाल, रीवा और सागर की पुलिस बैंड टीमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर प्रदर्शन कर रही हैं. इन प्रस्तुतियों के लिए 6 अप्रैल से 10 अप्रैल तक की समयसीमा तय की गई है.
एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताई ये वजह
आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस बैंड आमतौर पर परेड और विशेष आयोजनों में प्रदर्शन करता है, लेकिन इस बार इसे भर्ती प्रचार से जोड़ा गया है. उन्होंने बताया कि बैंड की धुनों से युवाओं में ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है, जिससे वे इस अवसर की ओर आकर्षित होते हैं. इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लें और अपने भविष्य को नई दिशा दें.
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: EOW ने पेश किया चालान, अब सौम्या चौरसिया व केके श्रीवास्तव जेल से होंगे रिहा
मध्य प्रदेश पुलिस में बैंड आरक्षक के पदों पर भर्ती न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि देश सेवा का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है. ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों के लिए यह एक बेहतरीन मौका है, जिसे हाथ से जाने नहीं देना चाहिए.
यह भी पढ़ें- आगर-मालवा बनेगा MP का नया औद्योगिक हब, 175 निवेशकों ने दिखाई रूचि, 550 करोड़ निवेश और 3500 से अधिक रोजगार के अनुमान