विज्ञापन

SECL के सब‑एरिया मैनेजर पर हमला, ग्रामीणों ने की जमकर मारपीट; महिला सरपंच समेत कई पर FIR 

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आमगांव कोयला खदान क्षेत्र में SECL के सब‑एरिया मैनेजर पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. रोड डायवर्जन सर्वे के दौरान हुए विवाद में अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले में महिला सरपंच समेत कई लोगों पर FIR दर्ज की गई है.

SECL के सब‑एरिया मैनेजर पर हमला, ग्रामीणों ने की जमकर मारपीट; महिला सरपंच समेत कई पर FIR 

SECL Sub Area Manager Attack: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कोयला खदान क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब SECL के एक वरिष्ठ अधिकारी पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. आमगांव कोयला खदान में रोड डायवर्जन का सर्वे करने पहुंचे सब‑एरिया मैनेजर विजय कुमार के साथ जमकर मारपीट की गई. इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और फिलहाल SECL अस्पताल में उनका इलाज जारी है. मामले में सरपंच समेत कई ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

सर्वे के दौरान भड़का विवाद

घटना उस समय की है, जब SECL के सब‑एरिया मैनेजर विजय कुमार अपनी टीम और सुरक्षा कर्मियों के साथ रोड डायवर्जन के लिए सर्वे करने आमगांव कोयला खदान क्षेत्र पहुंचे थे. पुराना रास्ता माइनिंग एरिया में आ रहा था, इसलिए उसे हटाकर एक वैकल्पिक सड़क बनाने की योजना थी. काम रुकवाकर जब अधिकारी लौट रहे थे, तभी अचानक विवाद शुरू हो गया.

सरपंच के उकसाने पर हमले का आरोप

SECL प्रबंधन का आरोप है कि गांव की महिला सरपंच विमला सिंह के उकसाने पर ग्रामीणों ने अचानक अधिकारी पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 पुरुष और 3 से 4 महिलाएं मौके पर इकट्ठा हो गईं. आरोप है कि सभी ने मिलकर अधिकारी को घसीटा और उन पर पत्थर और गुलेल से हमला किया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए.

SECL का दावा: सरकारी जमीन पर हो रहा था काम

SECL के सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि जिस जमीन पर काम किया जा रहा था, वह या तो SECL की थी या फिर सरकारी जमीन थी. उनके मुताबिक इस कार्य से किसी भी ग्रामीण की निजी भूमि को नुकसान नहीं हो रहा था. उन्होंने इस घटना को दबदबा कायम करने की कोशिश बताया और इसे “अर्बन नक्सलवाद” का उदाहरण करार दिया.

निजी जमीन पर सड़क बनाने का आरोप

दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि SECL उनकी निजी जमीन पर सड़क निर्माण कर रहा है. आरोप है कि न तो उन्हें इसकी पहले जानकारी दी गई और न ही किसी तरह का मुआवजा दिया गया. इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने सड़क निर्माण का विरोध किया, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद SECL प्रबंधन की ओर से बिश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने सरपंच विमला सिंह समेत अन्य आरोपियों पर FIR दर्ज कर ली है. SDOP सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि बातचीत के दौरान ही ईंट‑पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें सब‑एरिया मैनेजर घायल हुए. घायल अधिकारी का इलाज SECL अस्पताल में जारी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है. 

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close