मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन…सदन के भीतर गर्मी, बाहर भी गुस्सा. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने चालू वित्तीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट 19 हजार 287 करोड़ 32 लाख रुपये का पेश किया. जिस पर 23 फरवरी को चर्चा होगी. इसके साथ आर्थिक सर्वेक्षण भी सदन में रखा गया. लेकिन आज की कार्यवाही का मिज़ाज सिर्फ बजट नहीं, गाय, गंदा पानी, आवारा कुत्ते, कफ सिरप से मौतें से भी तय हुआ.
विधानसभा परिसर के बाहर कांग्रेस ने खोला मोर्चा
बजट से पहले ही विधानसभा परिसर के बाहर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया. इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों के आरोपों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार गंदे पानी की बोतल लेकर पहुंचे. कांग्रेस का आरोप है लोग श्मशान जा रहे हैं और जिम्मेदार कुर्सी पर बैठे हैं.
आतिफ अकील बोले- 'गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए'
सदन के भीतर कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने का संकल्प पेश किया, लेकिन इसी पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान ने सदन का तापमान और बढ़ा दिया.
आतिफ अकील बोले कि हिंदू धर्म गाय को माता मानता है, हम भी सम्मान करते हैं. गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाना चाहिए. चमड़े का व्यापार पूरी तरीके से बंद हो. गाय की मृत्यु होती है तो अंतिम संस्कार भी सम्मान के साथ किया जाए. पहले भी हमने इस तरीके की मांग की थी. भाजपा का बहुमत फिर भी इस पर अमल नहीं होता. भाजपा की करनी और कथनी में अंतर है.
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुसलमान को मस्जिद में जाकर संकल्प प्रस्ताव पास कराओ. गाय अपने आप राष्ट्रीय पशु घोषित हो जाएगी. गौ माता को काटने वाला कसाई कौन है? जिस दिन मस्जिद में नमाज हो और अल्लाह की कसम खाकर सारे मुसलमान तय कर दे. किसी भी कीमत में गाय नहीं काटने दी जाएगी. कोई में गाय को हाथ नहीं लगा सकता. मस्जिदों में मौलवियों से भी इस बारे में बात...
सदन में उठा छिंदवाड़ा कफ सिरप मामला
छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत का मामला भी सदन में उठा. इसी बीच भोपाल में आवारा कुत्तों का मुद्दा भी सदन में गरमा गया. ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर आतिफ अकील और राजन मंडलोई ने कहा नसबंदी-टीकाकरण पर करीब 2 करोड़ खर्च के बावजूद हालात बेकाबू हैं. सरकार की तरफ से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा डॉग स्क्वॉड सक्रिय है, हर घटना पर तुरंत कार्रवाई होती है.
कल पेश होगा मध्य प्रदेश बजट
बजट से पहले अनुपूरक बजट… विकास के आंकड़े और सियासत के तीखे तीर.. सदन में मुद्दे कई, लेकिन तेवर एक तेज, तंज भरे और टकराव वाले. अब सबकी नजर 18 फरवरी पर... जब वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा 2026-27 का बजट पेश करेंगे.