विज्ञापन

MP Budget Session: राज्यपाल के अभिभाषण में 2 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का लक्ष्य, पर सदन में गूंजे दूषित पानी और मौत के सवाल

Madhya Pradesh Budget: हंगामे के बीच राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि देश और प्रदेश एक ऐसी दहलीज पर खड़े हैं, जिसे केंद्र की मोदी सरकार ने “अमृत काल” की संज्ञा दी है. उन्होंने प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनने का उल्लेख करते हुए भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का जिक्र किया. राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक मध्य प्रदेश को 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया गया है और सरकार इसी दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है.

MP Budget Session: राज्यपाल के अभिभाषण में 2 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था का लक्ष्य, पर सदन में गूंजे दूषित पानी और मौत के सवाल

MP Budget Session News: मध्य प्रदेश विधानसभा (Madhya Pradesh Assembly) का बजट सत्र सोमवार को “वंदे मातरम” के सामूहिक गायन के साथ शुरू हुआ. सदन की कार्यवाही की शुरुआत पारंपरिक गरिमा के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के कारण गर्म हो गया. राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष ने कई मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन गई.

हंगामे के बीच राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि देश और प्रदेश एक ऐसी दहलीज पर खड़े हैं, जिसे केंद्र की मोदी सरकार ने “अमृत काल” की संज्ञा दी है. उन्होंने प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनने का उल्लेख करते हुए भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का जिक्र किया. राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक मध्य प्रदेश को 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया गया है और सरकार इसी दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है.

 अभिभाषण के बीच विपक्ष का हंगामा

हालांकि, राज्यपाल के संबोधन के दौरान नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायकों ने भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों सहित अन्य मुद्दों को अभिभाषण में शामिल न करने का आरोप लगाया. विपक्ष का कहना था कि जनहित के कई गंभीर विषयों की अनदेखी की गई है. हंगामे के बीच राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पूरा किया और उसके बाद सदन से रवाना हो गए. इसके पश्चात राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पेश किया गया, लेकिन विरोध जारी रहा. अंततः कार्यवाही को अगले दिन तक स्थगित कर दिया गया.

 कांग्रेस का हमला: “जनता के मुद्दों की अनदेखी”

कांग्रेस विधायक महेश परमार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है. उन्होंने भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों और अन्य घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. कांग्रेस विधायक दिनेश जैन ने भी अभिभाषण को औपचारिक बताते हुए कहा कि इसमें जनहित के मूल मुद्दों पर चर्चा नहीं की गई. उन्होंने किसानों की समस्याओं, कर्ज और पेयजल संकट को प्रमुख मुद्दा बताया.

 बीजेपी का पलटवार: “सरकार सही दिशा में काम कर रही”

विपक्ष के आरोपों पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में सरकार के सभी प्रमुख कार्यों और योजनाओं का उल्लेख किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के हित में काम कर रही है और कर्ज पूरी तरह नियंत्रण में है. कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है.

यह भी पढ़ें- धार्मिक कार्यक्रम में बांटी गई मिठाई से हड़कंप,  पिस्ता बर्फी खाने से एक युवक की मौत, 16 लोग बीमार

राज्यपाल के अभिभाषण के बाद कृतज्ञता प्रस्ताव पेश हुआ, लेकिन विपक्ष का विरोध जारी रहा. सदन में शोर शराबे के बीच कार्यवाही को अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया गया. विधानसभा का यह सत्र सत्ता और विपक्ष के बीच तीखे राजनीतिक टकराव का मंच बन गया, जहां विकास के दावों और जनसमस्याओं के सवाल आमने-सामने नजर आए. आने वाले दिनों में इन मुद्दों पर बहस और तेज होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें- ...तो एक लाख रुपये से नीचे आ जाएगा सोना? रूस की एक चाल से मच सकता है हड़कंप!

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close