विज्ञापन

50 करोड़ की संपत्ति की मालकिन डॉ. हेमलता का निधन, अपहरण के बाद चर्चा में आई थीं; जानें विवाद

डॉ. हेमलता श्रीवास्तव (81) अपनी संपत्ति विवाद को लेकर सुर्खियों में आई थीं. इस दौरान उन्होंने कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. 12 जनवरी को डॉ. हेमलता ने अपना 81वां जन्मदिन मनाया था, लेकिन 14 जनवरी को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी.

50 करोड़ की संपत्ति की मालकिन डॉ. हेमलता का निधन, अपहरण के बाद चर्चा में आई थीं; जानें विवाद

Jabalpur Dr Hemlata Srivastava Passes Away: जबलपुर के राइट टाउन में रहने वाली रिटायर्ड नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमलता श्रीवास्तव (81) का  मेडिकल कॉलेज अस्पताल में निधन हो गया. कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉ. हेमलता के निधन के सूचना मिलते ही एसडीएम पंकज मिश्रा और मदन महल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया. उनकी मौत की सूचना  परिजनों को सूचना दे दी गई है. बहन के आने पर मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार कराया जाएगा.  

दरअसल, डॉ. हेमलता श्रीवास्तव (81) अपनी संपत्ति विवाद को लेकर सुर्खियों में आई थीं. इस दौरान उन्होंने कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. बीते दिनों तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराने की कोशिश हुई. लेकिन, आईएमए की शिकायत पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. पांच डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था. लेकिन, उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. 

बड़ी संपत्ति की मालकिन थी डॉ. हेमलता 

विवाद के बाद बुजुर्ग डॉ. हेमलता श्रीवास्तव की संपत्ति हड़पने की आशंका को लेकर जांच और वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे. बताया जाता है कि उनके पास राइट टाउन इलाके में 25000 स्क्वायर फीट जमीन है. इसमें से 11000 स्क्वायर फीट जमीन का दान पत्र डॉक्टर डॉ सुमित जैन और उनकी पत्नी के नाम किया गया है. बाकी की शेष संपत्ति एक धार्मिक संस्था को दान करने की बात सामने आई थी. डॉ. हेमलता के नाम से मौजूद कुल संपत्ति की कीमत 40–50 करोड़ बताई जा रही है. 

कथित अपहरण का मामला आया था सामने

कुछ दिन पहले डॉ. श्रीवास्तव के कथित अपहरण की शिकायत भी सामने आई थी. कुछ लोग उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले गए थे, इसके खबर के सामने आने के बाद चिकित्सक जगत में हड़कंप मच गया था. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी. मदन महल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी. अपहरण का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कुछ लोग सफेद कार से उन्हें अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे थे. पड़ोस में रहने वाले एक डॉक्टर द्वारा विरोध करने पर कार सवार लोगों ने मंदिर ले जाने की बात कही थी. 

जन्मदिन के दो दिन बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, 12 जनवरी को डॉ. हेमलता श्रीवास्तव ने अपना 81वां जन्मदिन मनाया था, जिसका वीडियो भी सामने आया था. इसमें वे डॉ. सुमित जैन और उनकी पत्नी प्राची जैन के साथ केक काटती दिखाई दे रही थीं. आरोपों के अनुसार, 13 जनवरी तक वे सामान्य थीं, लेकिन 14 जनवरी को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें घर के सामने स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से स्वास्थ्य और खराब होने की बात कही गई. बाद में कलेक्टर के निर्देश पर उन्हें  मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती कराया गया था.  

संपत्ति को लेकर आरोप-प्रत्यारोप

आईएमए पदाधिकारियों ने आशंका जताई थी कि उनकी बड़ी अचल संपत्ति को लेकर साजिश हो सकती है. उनकी कथित मानसिक और शारीरिक अक्षमता की स्थिति में दस्तावेज तैयार कराए गए हैं. वहीं, डॉ. सुमित जैन ने इन आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि डॉ. हेमलता श्रीवास्तव ने अपनी इच्छा से घर के पास स्थित लगभग 11 हजार वर्गफीट जमीन दान के रूप में दी थी. उनका कहना है कि वे पति बीएल श्रीवास्तव और पुत्र रचित श्रीवास्तव की स्मृति में मेमोरियल अस्पताल बनाना चाहती थीं, जिसका निर्माण कार्य चल रहा है. डॉ. जैन ने यह भी बताया कि रचित श्रीवास्तव उनके साथ पढ़ाई कर चुके थे और दोनों परिवारों के बीच घनिष्ठ संबंध थे. 

79 साल की रिटायर्ड महिला डॉक्टर अगवा! कार में बैठाकर ले गए लोग, कौन हड़पना चाहता संपत्ति?

सब कुछ जांच के दायरे में  

जमीन/दानपत्र से जुड़ा विवाद राजस्व न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, डॉ. श्रीवास्तव के दर्ज बयानों को जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दानपत्र निरस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि कथित रूप से कार में ले जाने की शिकायत भी जांच में शामिल है. डॉक्टर हेमलता की मौत के बाद अब पूरे घटनाक्रम, स्वास्थ्य स्थिति, संपत्ति विवाद,दस्तावेजी प्रक्रिया और कथित अपहरण को जांच के दायरे में लिया जा सकता है. 

डॉ. हेमलता की दर्दभरी कहानी: पहले इकलौता बेटा, फिर पति को खोया, जी का जंजाल बनी 50 करोड़ की संपत्ति

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close