Morena Temple Collapse: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. अष्टमी के दिन पूजा के दौरान निर्माणाधीन मंदिर का गुंबद अचानक भरभराकर गिर गया. जिस वक्त यह हादसा हुआ, उसी समय मंदिर में प्रसाद ग्रहण कर रही तीन बच्चियां मलबे की चपेट में आ गईं और दबने से उनकी मौत हो गई. हादसे में प्रसाद बांट रहे पति-पत्नी सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यह घटना कैलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एहरोली गांव स्थित चामड़ माता मंदिर में हुई. मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा था. बताया गया कि प्रसाद वितरण के दौरान निर्माणाधीन गुंबद की एक पटिया टूट गई और देखते ही देखते पूरा हिस्सा नीचे आ गिरा. गुंबद गिरने के साथ ही पत्थर और मलबा आसपास मौजूद लोगों पर आ गिरा.
प्रसाद ले रही तीन बच्चियां दब गईं
हादसे के वक्त मंदिर में कुछ लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे थे. इसी दौरान तीन बच्चियां मलबे के नीचे दब गईं. ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. तीनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई.
पति-पत्नी समेत पांच घायल
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, मुंगावली निवासी सतीश गौड़ अष्टमी के दिन पूजा के लिए अपनी पत्नी और बच्ची के साथ अपने गृहग्राम एहरोली के मंदिर गए थे. पूजा के बाद जब प्रसाद बांटा जा रहा था, तभी हादसा हो गया. इसमें सतीश और उनकी पत्नी सहित पांच बच्चियां घायल हुईं. दो बच्चियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई.
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, पुलिस को दी सूचना
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने ही सबसे पहले राहत-बचाव शुरू किया. उन्होंने मलबा हटाकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला. साथ ही पुलिस-प्रशासन को सूचना दी गई. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को कैलारस चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार शुरू हुआ.
कैलारस से मुरैना, एक बच्ची ग्वालियर रेफर
कैलारस चिकित्सालय में दो बच्चियों का इलाज सामान्य रूप से चल रहा है. वहीं, गंभीर घायल सतीश और उनकी पत्नी सहित पांच बच्चियों को बेहतर इलाज के लिए मुरैना लाया गया. एक गंभीर घायल बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर किया गया है, ताकि समय पर बेहतर उपचार मिल सके. मृतक तीन बच्चियों का पोस्टमार्टम कराया गया. प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.
मौके पर पहुंचे विधायक
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक पंकज उपाध्याय मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों से घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का अनुरोध किया. साथ ही उन्होंने प्रशासन से घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कदम उठाने की बात कही.