विज्ञापन

प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर की मूर्तियां खंडित, आक्रोश में हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम

विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र में प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर की मूर्तियां खंडित किए जाने से तनाव फैल गया. पुरातत्व विभाग के संरक्षण में आने वाले मंदिर में तोड़फोड़ के विरोध में हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम किया.

प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर की मूर्तियां खंडित, आक्रोश में हिंदू संगठनों ने किया चक्काजाम

Laxmi Narayan Temple Vandalism: विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र में उस समय तनाव फैल गया, जब गोपाल नगर गांव में स्थित प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर की मूर्तियों को अज्ञात लोगों द्वारा खंडित कर दिया गया. यह मंदिर पुरातत्व विभाग के संरक्षण में आता है, ऐसे में घटना ने न सिर्फ धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए. मूर्तियों के क्षतिग्रस्त होने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में गुस्सा और आक्रोश फैल गया.

रात में मंदिर में घुसकर की गई तोड़फोड़

बताया जा रहा है कि बीती रात अज्ञात लोगों ने गोपाल नगर के प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर में घुसकर वहां स्थापित मूर्तियों के साथ तोड़फोड़ की और उन्हें खंडित कर दिया. यह मंदिर वर्षों पुराना है और पुरातत्व विभाग के संरक्षण में है. घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली, जब वे मंदिर पहुंचे.

ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग

मूर्तियों को क्षतिग्रस्त हालत में देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. गोपाल नगर के साथ‑साथ आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचे. हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इसे धार्मिक आस्था पर सीधा हमला बताते हुए विरोध शुरू कर दिया और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया.

48 घंटे में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा.

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही दीपना खेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सिरोंज सोनू डाबर भी घटनास्थल पर पहुंचीं और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी. प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद चक्काजाम खुलवाया.

ग्रामीणों की मांग और पुलिस का आश्वासन

ग्रामीण महेंद्र शर्मा ने कहा कि यह घटना उनकी धार्मिक आस्था पर सीधा हमला है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए. वहीं पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, इलाके में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close