विज्ञापन

ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़! एमडीएमए बनाने का केमिकल जब्त, 20 करोड़ के माल के साथ दो गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीएमए ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. खेत में गुप्त रूप से चल रही इस फैक्ट्री से एमडीएमए बनाने के केमिकल और उपकरण जब्त किए गए हैं.

ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़! एमडीएमए बनाने का केमिकल जब्त, 20 करोड़ के माल के साथ दो गिरफ्तार

MDMA Drugs Factory Busted: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है. यहां एक खेत में गुप्त रूप से चल रही सिंथेटिक ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस ने मौके से एमडीएमए (MDMA) बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त किए हैं. इस कार्रवाई में दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. जब्त सामग्री से तैयार होने वाली ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

पुलिस को शनिवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधी सागर के बैकवॉटर क्षेत्र से सटे ग्राम सुरजना के पास एक खेत में अवैध रूप से ड्रग्स बनाई जा रही हैं. सूचना के बाद गरोठ थाना पुलिस ने तत्काल योजना बनाकर कार्रवाई की. करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम, जिसमें अलग-अलग थानों का बल शामिल था, दुर्गम इलाके में पहुंची और खेत में बने कमरे पर छापा मारा.

खेत के कमरे में चल रही थी ड्रग फैक्ट्री

छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि खेत में बने एक कमरे के भीतर एमडीएमए बनाने की पूरी तैयारी थी. मौके पर दो युवक ड्रग्स तैयार करते हुए मिले. एक स्टील के घड़े में तीव्र गंध वाला केमिकल मिश्रण रखा था, जिसे मशीन की मदद से तैयार किया जा रहा था. कमरे में गैस सिलेंडर, भट्टी और अन्य उपकरण लगे हुए थे, जिससे साफ था कि यहां नियमित रूप से ड्रग्स बनाई जा रही थीं.

दो आरोपी मौके से गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया. पूछताछ में उन्होंने अपने नाम दीपक पिता राधेश्याम सिकलीगर (32) और सुमित पिता राजाराम सिकलीगर (19), दोनों निवासी ग्राम सुरजना बताए. दोनों आरोपी एमडीएमए ड्रग्स बनाने में सीधे तौर पर शामिल पाए गए. इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई पूरी की.

बड़ी मात्रा में जब्त हुआ ड्रग

पुलिस ने इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और केमिकल जब्त किए हैं. इनमें 102 ग्राम तैयार एमडी, 12 किलो 610 ग्राम केमिकल मिश्रण, 3 किलो 540 ग्राम तरल पदार्थ और 680 ग्राम सफेद केमिकल पाउडर शामिल है. इसके अलावा गैस सिलेंडर, सेंट्रीफ्यूज मशीन, चूल्हा-भट्टी, स्टील के बर्तन, बिजली के तार, अर्थिंग का लोहे का सरिया और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.

करीब 20 करोड़ की बताई जा रही कीमत

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब्त किए गए केमिकल से तैयार होने वाली एमडीएमए ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. हालांकि पुलिस की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है. इसके बावजूद माना जा रहा है कि यह नशे का बड़ा नेटवर्क हो सकता है.

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस पूरे मामले में थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 50/2026 दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22, 29 और 30 के तहत केस पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस फैक्ट्री के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क किन-किन जगहों तक फैला हुआ है.

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह साफ हो गया है कि मामला सिर्फ दो लोगों तक सीमित नहीं है. ड्रग्स के कच्चे माल की सप्लाई और तैयार माल की तस्करी से जुड़े लोगों की भी तलाश की जा रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close