Sarpanch Son Shot Himself: दतिया जिले में बीते शनिवार को एक सरपंच पुत्र ने देसी कट्टे से खुद गोली मार ली. आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई. पुत्र वियोग में आहत सरपंच का कहना है कि वो पुत्र की आत्महत्या के कारणों से बिल्कुल अंजान हैं.
ये भी पढ़ें-घर की अकेली महिलाओं को बनाता था निशाना, दुष्कर्म फिर मर्डर...आखिरकार पकड़ा गया सीरियल किलर
सरपंच सुशीला पत्नी राधे जाटव का बड़ा बेटा था मृतक
मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरी का है, जहां शनिवार सुबह यह दर्दनाक घटना सामने आई. मृतक गांव की सरपंच सुशीला पत्नी राधे जाटव का बड़ा बेटा है. 23 वर्षीय मृतक विशाल उर्फ गोल्डी ने अपने घर के नीचे वाले कमरे में कट्टे से खुद के सीने में गोली मारी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था.
जमीन पर गिरे मृतक के आसपास पड़ा था देसी कट्टा
रिपोर्ट के मुताबिक मृतक विशाल कमरे में अकेला था, जबकि ऊपर के कमरे में उसका छोटा भाई शिवम और दोस्त गौरव मौजूद थे. घटना के समय मृतक की मां यानी सरपंच भी घर पर मौजूद थीं और घरेलू कार्य कर रही थीं. मृतक विशाल ने सुबह करीब 9 बजे खुद को गोली मारी. गोली की आवाज सुनकर परिजन नीचे पहुंचे, तो देखा विशाल जमीन पर पड़ा था.
ये भी पढ़ें-उठनी थी बेटी की डोली, बाप को उठानी पड़ी अर्थी, लव जिहाद की शिकार हुई एक और बेटी, फरवरी में शेड्यूल थी शादी
मृतक की सगाई हो चुकी थी, इसी वर्ष होनी थी शादी
फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है. परिजनों ने आत्महत्या के कारणों को लेकर किसी प्रकार की आशंका नहीं जताई है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों के मुताबिक मृतक की इसी साल शादी होनी थी और कुछ दिनों पहले ही उसकी सगाई हुई थी. पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.