विज्ञापन
This Article is From Apr 06, 2025

Kuno Cheetah Video: कूनो में चीतों को लेकर क्या हैं नियम, जान पर खेल पानी पिलाने वाले पर क्यों हुई कार्रवाई

चीतों को पानी पिलाने का वीडियो वायरल हुआ था. इस पर कूनो नेशनल पार्क के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है. वहीं, पानी पिलाने वाले पर भी नियमों को तोड़ने पर कार्रवाई की गई है.

Kuno Cheetah Video: कूनो में चीतों को लेकर क्या हैं नियम, जान पर खेल पानी पिलाने वाले पर क्यों हुई कार्रवाई

Kuno National Park: मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) के अधिकारियों ने एक व्यक्ति द्वारा चीते और उसके शावकों को पानी पिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की है. अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (एपीसीसीएफ) उत्तम कुमार शर्मा ने रविवार को एक बयान में कहा कि इस घटना में कर्मचारियों ने निर्देशों का उल्लंघन किया और अनुशासनहीनता की है.

शर्मा ने कहा कि इस संबंध में अनुशासन और निर्देश की अवहेलना करते हुए एक वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

आगरा रेंज में मानव बस्ती के करीब घूम रहे चीता

केएनपी (Kuno National Park) श्योपुर जिले में स्थित है, जो भोपाल से लगभग 420 किलोमीटर दूर है. वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए उत्तम शर्मा ने बताया कि चीता ज्वाला और उसके चार शावक केएनपी (KNP) की सीमा के पास आगरा रेंज में मानव बस्ती के करीब खेतों में घूम रहे थे.

जंगल के अंदर लाने का करते हैं प्रयास

अधिकारी ने कहा कि सामान्य तौर पर निगरानी दल को निर्देश दिया गया है कि जब भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो तो चीते को जंगल के अंदर वापस लाने का प्रयास करें, ताकि मानव-चीता संघर्ष की स्थिति पैदा न हो. जब भी कोई चीता खेतों में या मानव बस्तियों के करीब चला जाता है तो संबंधित रेंज से अतिरिक्त कर्मियों को बुलाया जाता है. इस मामले में भी आगरा रेंज से अतिरिक्त कर्मचारियों को बुलाया गया था.

इसलिए चीतों को दिया गया पानी

उन्होंने बताया कि चूंकि चीता ज्वाला और उसके शावक धूप में खुले खेतों में घूम रहे थे और मानव बस्तियों की ओर जा रहे थे, इसलिए उन्हें जंगल की ओर वापस लाने के वास्ते पानी दिया गया.

केवल आधिकारिक व्यक्ति ही जा सकता है करीब

शर्मा ने कहा कि आगरा रेंज में वन विभाग की ड्यूटी के लिए किराए पर लिए गए वाहन के एक चालक ने ज्वाला और उसके चार शावकों को स्टील के कटोरे में पानी दिया. निगरानी दल को दिए गए प्रशिक्षण के अनुसार चीतों से दूर रहने के स्पष्ट निर्देश हैं. केवल अधिकृत व्यक्ति (Authorized Persons Only) ही किसी विशिष्ट कार्य के लिए चीतों के करीब जा सकते हैं. हालांकि वन विभाग ने युवक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

40 सेकेंड का वीडियो

वायरल हुई लगभग 40 सेकंड की क्लिप में एक व्यक्ति कैन से पानी को बर्तन में डालता हुआ दिखाई देता है, जिसके बाद आसपास की छाया में बैठे पांच चीते उस बर्तन के पास आते हैं और पानी पीना शुरू कर देते हैं. शुरू में वह व्यक्ति चीतों के करीब जाने में हिचकिचाता हुआ दिखाई देता है, लेकिन उसके पीछे खड़े लोग, जिसमें वीडियो शूट करने वाला व्यक्ति भी शामिल है, उससे चीतों को पानी पिलाने का आग्रह करते हैं.

भारत में हैं इतने चीते

इसके बाद वह व्यक्ति बर्तन में पानी डालता है और कुछ देर के लिए चीतों के पास झुककर बैठ जाता है. वर्तमान में भारतीय धरती पर पैदा हुए 11 शावकों सहित 17 चीते केएनपी के जंगल में घूम रहे हैं, जबकि नौ बाड़ों में हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com