विज्ञापन
This Article is From Feb 10, 2026

कुत्तों की नसबंदी के लिए एक और सेंटर शुरू करेगा ग्वालियर नगर निगम, 5 डॉग शेल्टम होम भी खुलेंगे

ग्वालियर में डॉग बाइट्स की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर, नगर निगम ने आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए हैं. इनमें पांच नए डॉग शेल्टर होम खोलना और एक नया एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर शुरू करना शामिल है.

कुत्तों की नसबंदी के लिए एक और सेंटर शुरू करेगा ग्वालियर नगर निगम, 5 डॉग शेल्टम होम भी खुलेंगे

ग्वालियर में डॉग बाइट्स से पांच दिन में तीन लोगों की मौत की खबर एनडीटीवी द्वारा प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद इसका बड़ा असर प्रशासन पर हुआ है. नगर निगम ने अब एलान किया है कि निगम ने आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए अब एक और एबीसी सेंटर शुरू कर दिया. साथ ही पांच डॉग शेल्टर होम भी बनाएगा. डॉग बाइट्स से बचने के लिए एक एडवाइजरी जारी करने के साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है.

नगर निगम आयुक्त संघप्रिय ने एनडीटीवी को बताया कि गर्मी के मौसम की शुरुआत हो चुकी है. तापमान के बढ़ने के साथ ही आवारा कुत्तों के कटने की घटनाओं में बढ़ोतरी शुरू हो जाती है. शहरवासियों को आवारा कुत्तों के आतंक से बचाने के लिए पांच डॉग शेल्टर होम खोलने जाएंगे. साथ ही आवारा कुत्तों की बढ़ोतरी को रोकने के लिए एक नया एबीसी सेंटर भी खोला गया है. जल्द ही कुत्तों को पकड़ने के लिए एक नई गाड़ी भी चलाई जा रही है.

कलेक्टर के साथ मीटिंग में उठा था मुद्दा

बता दें कि एनडीटीवी ने सोमवार को डॉग बाइट्स पर स्पेशल स्टोरी दिखाई थी. इसके बाद यह मुद्दा कलेक्टर रूचिका चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई  जिला शांति समिति की बैठक में उठा. इसमें नगर निगम आयुक्त ने आवारा कुत्तों की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में बताया. इसके साथ ही डॉग बाइट्स से बचाव के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है. इसके साथ ही आवारा कुत्तों की सूचना देने के लिए 9238351620 एवं 0751-2438358 नंबर जारी किए हैं.

बैठक में संघ प्रिय ने बताया कि लक्ष्मीगंज के पीछे कुत्तों का शेल्टर होम प्रारंभ हो गया है. इसके साथ ही नया एबीसी सेंटर भी खोला जा रहा है, जिससे कुत्तों की नसबंदी का कार्य और तेज गति से किया जा सके. इसके साथ ही आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए एक नई गाडी भी संचालित की जा रही है. नगर निगम आयुक्त ने सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन की जानकारी देते हुए शहरवासियों से अपील की है कि वह पूर्व से नसबंदी किए गए कुत्तों जिनके कान कटे हों, पालतू कुत्तों 6 माह से छोटे श्वानों वाली मादा को पकड़ने से संबंधित शिकायतें पोर्टल पर दर्ज नहीं कराएं.

नगर निगम ने देर रात डॉग बाइट्स से बचाव को लेकर एडवाइजरी

  • आवारा कुत्तों को न छेड़ें, न पत्थर मारें और न ही उन्हें भगाने का प्रयास करें.
  • कुत्तों की आंखों में सीधे न देखें, यह उन्हें आक्रामक बना सकता है.
  • यदि कोई कुत्ता खाना खा रहा हो तो उसे परेशान न करें.
  • कुत्ता पास आए तो न भागें, न चिल्लाएं.
  • यदि कुत्ता गुरराए तो धीरे-धीरे पीछे हटें, पीठ न दिखाएं.
  • बच्चों को आवारा या अनजान कुत्तों से दूर रहने की समझाइश दें.

काटने की स्थिति में क्या करें

  • घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से कम से कम 10 मिनट तक धोएं.
  • एंटीसेप्टिक लगाएं और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
  • घटना की सूचना नगर निगम या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को दें.
  • हेल्पलाइन नंबर

आवारा कुत्तों की सूचना देने के लिए नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर 9238351620 एवं 0751-2438358 जारी किए हैं. इसके अलावा नगर निगम सीमा क्षेत्र में आवारा श्वानों की निःशुल्क नसबंदी एवं एंटी-रेबीज टीकाकरण के लिए एबीसी सेंटर के हेल्पलाइन नंबर 9555676921 पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कॉल या वॉट्सऐप किया जा सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com