Datia Sand Mafia Firing: दतिया जिले में रेत खदानों पर दबंगों का आतंक एक बार फिर सामने आया है. गोराघाट थाना क्षेत्र के बड़ोंनकला रेत खदान में तब हड़कंप मच गया जब रॉयल्टी लेकर लौट रहे ट्रैक्टरों पर आधा दर्जन दबंगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों से ट्रैक्टरों के टायर फट गए और चालक अपनी जान बचाकर भागने पर मजबूर हो गए. पीड़ितों ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत कर दी है.
रॉयल्टी देकर लौट रहे ट्रैक्टरों पर फायरिंग
फरियादी आनंद दांगी ने बताया कि वह अपने साथियों जितेंद्र रावत और उदयभान परिहार के साथ रेत लेकर वापस आ रहे थे. तीनों ने रॉयल्टी जमा कर वैध रूप से रेत उठाई थी. इसी दौरान गांव के ही रोहित बोहरे, फन्नु पोरिया, अतर सिंह पाल, भारत पाल, करण गुर्जर और गोलू पटेल ने उनका रास्ता रोक लिया और रेत ले जाने से मना कर दिया. जब उन्होंने रॉयल्टी की पर्ची दिखाई, तो आरोपियों ने सीधे ट्रैक्टरों पर फायरिंग कर दी.
फायरिंग से फटे टायर, चालक जान बचाकर भागे
लगातार चल रही गोलीबारी से ट्रैक्टरों के टायर फट गए और मौके पर अफरा‑तफरी मच गई. तीनों चालक किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई. पीड़ितों के मुताबिक हमलावरों का इरादा साफ था कि वे रेत कारोबार पर अपना दबदबा बनाए रखना चाहते थे.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश शुरू
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. एसडीओपी विनायक शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस ने खदान क्षेत्र और आसपास के गांवों में गश्त भी बढ़ा दी है.
जिले में लगातार बढ़ रहा रेत माफिया का आतंक
दतिया जिले में रेत खदानों को लेकर विवाद और हिंसा की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं. इसी माह सरसई क्षेत्र में फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि लाच क्षेत्र में भी खनन विवाद में एक युवक की जान जा चुकी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई खदानों पर दबंगों का कब्जा है और रेत का कारोबार अब जानलेवा बन गया है.
पीड़ितों ने बयानों में बताई दहशत
जितेंद्र रावत, पीड़ित ने कहा कि हम लोग रॉयल्टी देकर रेत लेकर आ रहे थे, तभी दबंगों ने रास्ता रोक कर सीधे फायरिंग कर दी. हम किसी तरह जान बचाकर भाग सके. पीड़ित उदयभान परिहार ने कहा कि हमने कहा कि रेत वैध है, लेकिन उन्होंने बिना कुछ सुने ट्रैक्टरों के टायर पर गोली चला दी. बहुत डरावना माहौल था. एसडीओपी विनायक शुक्ला का कहना है कि शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.