विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2026

जबलपुर में भाजपा–कांग्रेस आमने-सामने, दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की; पुलिस ने संभाला मोर्चा

जबलपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार विवाद और धक्का‑मुक्की के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ गया. भाजयुमो द्वारा कांग्रेस कार्यालय घेराव के प्रयास पर दोनों पक्ष आमने‑सामने आ गए, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और वाटर कैनन का उपयोग कर भीड़ को तितर‑बितर किया.

जबलपुर में भाजपा–कांग्रेस आमने-सामने, दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की; पुलिस ने संभाला मोर्चा

Jabalpur Political Clash: जबलपुर में शनिवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच माहौल अचानक गरम हो गया. भाजयुमो द्वारा राहुल गांधी के विरोध में कांग्रेस कार्यालय घेरने की घोषणा के बाद दोनों दलों के समर्थक आमने‑सामने आ गए. नारेबाजी, धक्का‑मुक्की और तनाव के बीच पुलिस को मोर्चा संभालते हुए हालात को नियंत्रित करना पड़ा. दूसरी ओर, युवक कांग्रेस के कथित अर्धनंग प्रदर्शन के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने भी कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया, जिससे शहर का राजनीतिक तापमान और बढ़ गया.

भाजयुमो और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने‑सामने

बलदेव बाग इलाके में जैसे ही भाजयुमो के करीब 247 कार्यकर्ता पहुंचे, वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनका सामना हो गया. दोनों पक्षों के बीच तेज नारेबाजी शुरू हो गई और कुछ ही देर में धक्का‑मुक्की की स्थिति बन गई. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घेराव का विरोध किया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया.

पुलिस ने किया हस्तक्षेप, स्थिति संभाली

तनाव बढ़ता देख पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और दोनों गुटों को अलग‑अलग कर स्थिति को काबू में किया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा. हालात बिगड़ते देख वाटर कैनन का उपयोग कर भीड़ को तितर‑बितर किया गया. फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

भाजयुमो और कांग्रेस ने एक‑दूसरे के खिलाफ नारेबाजी

बलदेव बाग चौराहे पर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए. दोनों पक्षों की राजनीतिक नाराजगी खुले तौर पर सड़क पर दिखाई दी.

महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस कार्यालय का घेराव

दिल्ली में युवक कांग्रेस द्वारा किए गए कथित अर्धनंग प्रदर्शन और इंदौर में हुई पत्थरबाजी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने जबलपुर में प्रदर्शन किया. महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और जोरदार नारेबाजी की.

भारतीय संस्कृति को ठेस पहुंचाने का आरोप

महिला मोर्चा की सदस्याओं का कहना था कि युवक कांग्रेस का यह प्रदर्शन भारतीय संस्कृति और गरिमा के खिलाफ है. उनका आरोप है कि ऐसी घटनाओं से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचता है. इसी विरोध के चलते महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन स्थल पर पुलिस पहले से तैनात थी. स्थिति नियंत्रण में रहे इसके लिए पुलिस ने लगातार निगरानी की. प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की करीब 40 कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक गिरफ्तारी भी दी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com