विज्ञापन
This Article is From Feb 04, 2026

MP News: भिंड के बहुआ मोड़ पर ग्रामीणों की दबंगई, नॉनस्टॉप बसें रोकीं, स्टाफ-यात्रियों से मारपीट, पुलिस पर पथराव

भिंड के बहुआ मोड़ पर ग्रामीणों ने नॉनस्टॉप बसों को जबरन रोककर बस स्टाफ और यात्रियों से मारपीट की. पुलिस पर पथराव का भी आरोप लगा. करीब दो घंटे तक पांच बसें रुकी रहीं. तीन आरोपी हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है.

MP News: भिंड के बहुआ मोड़ पर ग्रामीणों की दबंगई, नॉनस्टॉप बसें रोकीं, स्टाफ-यात्रियों से मारपीट, पुलिस पर पथराव

Madhya Pradesh News: मध्‍य प्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुआ मोड़ पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों के एक समूह ने भिंड-ग्वालियर रूट पर चलने वाली सूत्र सेवा की नॉनस्टॉप बसों को जबरन रोककर दबंगई दिखाई. ग्रामीणों ने बसों को हर गांव में स्टॉप देकर चलाने की मांग को लेकर सड़क पर हंगामा किया और विरोध करने पर बस स्टाफ व यात्रियों के साथ मारपीट कर दी. इस घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, सूत्र सेवा की भिंड-ग्वालियर 719 नंबर बस ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही थी. इसी दौरान बहुआ मोड़ पर पहले से मौजूद करीब 20 से 25 ग्रामीणों ने बस को रोक लिया. ग्रामीणों ने चालक-कंडक्टर से बहुआ गांव सहित आसपास के सभी गांवों में बस रोकने की मांग की. 

स्टाफ और यात्रियों से मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने बस चालक और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. जब यात्रियों ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री डर के कारण बस से उतरकर इधर-उधर भागने लगे. 

Latest and Breaking News on NDTV

पांच बसें दो घंटे तक रोकी

ग्रामीणों की दबंगई यहीं नहीं रुकी. भिंड से ग्वालियर जाने वाली सूत्र सेवा की अन्य बसों को भी रोक लिया गया. कुल पांच बसें करीब दो घंटे तक मौके पर खड़ी रहीं, जिससे सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.

पुलिस पर पथराव का आरोप

सूचना मिलने पर मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. हालात बिगड़ने पर पुलिस को पीछे हटना पड़ा. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया.

तीन आरोपी हिरासत में

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में भीड़ को नियंत्रित किया गया और तीन लोगों को हिरासत में लिया गया. इसके बाद बसों को आगे रवाना किया गया. पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

बस मैनेजर का बयान

सूत्र सेवा बस के मैनेजर पप्पू शर्मा ने बताया कि नॉनस्टॉप परमिट पर चलने वाली बसों को जबरन रोका गया और स्टाफ व यात्रियों के साथ मारपीट की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी ग्रामीणों ने पथराव किया, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.

मास्टरमाइंड पर आरोप

मैनेजर ने बहुआ गांव निवासी दीपू दंडौतिया को इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस जांच जारी है.

यह भी पढ़ें : Honey Badger in CG: छत्तीसगढ़ में दिखा दुनिया का सबसे निडर जानवर; जानिए दुर्लभ वन्यजीव हनी बैजर की खूबियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com